चंदौली में गरजे पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू, बोले- BJP सरकार में कमीशनखोरों को खुश करने में बहे करोड़ों रुपये
चंदौली के गुरैनी में गंगा कटान को लेकर सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू ने भाजपा सरकार पर बड़े भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि करोड़ों खर्च के बाद भी कटान जारी है और सारे पत्थर गायब हो चुके हैं।
भाकियू के धरने में पहुंचे मनोज सिंह
गुरैनी में नहीं रुका गंगा कटान
करोड़ों रुपये खर्च के बाद भ्रष्टाचार आरोप
मौके से गायब हुए सारे पत्थर
सैयदराजा विधायक से जवाब की मांग
चंदौली जिले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू बुधवार को गुरैनी गांव में चल रहे भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के अनिश्चितकालीन धरने में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय किसानों की समस्याओं का समर्थन करते हुए गुरैनी में हो रहे भीषण गंगा कटान के मुद्दे को बेहद मजबूती से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कटान रोकने के नाम पर आवंटित सरकारी धन में बड़े पैमाने पर बंदरबांट हुई है।

डेढ़ करोड़ के पंप कैनाल को बचाने में फूके साढ़े सात करोड़
धरनास्थल को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि क्षेत्र के महज 1.5 करोड़ रुपये की लागत वाले पंप कैनाल को सुरक्षित करने के लिए विभाग द्वारा 7.5 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट खर्च कर दिया गया, लेकिन इसके बावजूद गंगा का कटान जस का तस बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब पुनः बिना किसी वित्तीय स्वीकृति के ही ठेकेदारों से गुपचुप तरीके से काम कराया जा रहा है, ताकि सरकारी धन की नई लूट का प्रबंध किया जा सके।

धरातल से गायब हुए कटान रोकने के लिए लगे पत्थर
सपा नेता ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सरकार द्वारा गुरैनी में गंगा कटान रोकने के नाम पर जो भी पत्थर लगवाए गए थे, उनमें तकनीकी मानकों का बिल्कुल भी ध्यान नहीं रखा गया था। यही वजह रही कि जैसे ही गंगा नदी में जलस्तर बढ़ा और उफान आया, कटान रोकने के लिए लगाए गए पत्थर खुद कटान की जद में आकर नदी में समा गए। स्थिति यह है कि आज धरातल पर एक भी पत्थर का नामोनिशान तक बाकी नहीं बचा है।
विधायक और प्रशासनिक संवेदनशीलता पर उठे सवाल
इस मौके पर भाकियू नेता दीनानाथ श्रीवास्तव ने कहा कि गुरैनी में इस सुरक्षा कार्य का शिलान्यास सैयदराजा विधायक द्वारा किया गया था। इस कार्य को करीब पांच साल होने वाले हैं, लेकिन आज मौके पर कराया गया सारा काम ही गायब है। स्थानीय विधायक जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि हैं, ऐसे में उनका यह नैतिक कर्तव्य बनता है कि वे खुद गुरैनी आकर किसानों की सुध लें ताकि पंप कैनाल के साथ ही किसानों की जमीन और ग्रामीणों के आशियाने को बचाया जा सके।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








