शांति व सद्भाव के साथ चंदौली जिले में मनायी गयी होली, 1670 स्थानों पर जलाई गई होलिका
होली की पूर्व संध्या पर बृहस्पतिवार की रात परंपरागत तरीके से जिले में 1670 स्थानों पर होलिका दहन किया गया। वहीं शुक्रवार की सुबह लोगों ने जमकर रंग व गुलाल लगाया।

ढोल नगाड़े, हारमोनियम और झांझ पर गाए गए फाग
गीत गाते हुए झूमे गांव व बाजारों के लोग
पुलिस व प्रशासन की रही चौकसी
चंदौली जिले में होली का त्योहार उमंग, उत्साह के साथ मनाया गया। रंगों के पर्व होली की पूर्व संध्या पर बृहस्पतिवार की रात परंपरागत तरीके से जिले में 1670 स्थानों पर होलिका दहन किया गया। वहीं शुक्रवार की सुबह लोगों ने जमकर रंग व गुलाल लगाया। इस दौरान ढोल- नगाड़े की थाप पर लोग होली गीत जमकर नाचे झूमे।

आपको बता दें कि बृहस्पतिवार को देर रात होलिका जलाई गई। आग लगते ही होलिका धूं धूं कर जल उठी। लोगों ने होलिका जलने की खुशी में खूब आतिशबाजी की। फाग गीतों के बीच एक-दूसरे को रंग- अबीर लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं जोगिरा सा रा रा रा... से पूरा इलाका गुंजायमान रहा।

होली की शुरूआत तो वसंत पंचमी से ही शुरू हो गई थी। हालांकि कहीं वसंत पंचमी तो कहीं महाशिवरात्रि पर युवाओं ने होलिका की स्थापना की। इसके बाद लकड़ी एकत्र कर होलिका को ऊंचा किया।
नगर के कैलाशपुरी, नई सट्टी, धर्मशाला रोड, पीपी सेंटर, शाहकुटी, लाठ नंबर दो काली महाल, चतुर्भुपुर, आरपीएफ कॉलोनी, गया कॉलोनी, मानसनगर, चकिया त्रिमुहानी, सेंट्रल कॉलोनी सहित पूरे जिले में 1670 स्थानों पर होलिका सजाई गई। होलिका दहन की तैयारी सुबह ही शुरू हो गई।
लोगों ने स्वेच्छा से उपले, लकड़ियां, पान, सुपारी, नारियल पकवान आदि अर्पित किए। युवाओं . की टोली ने घूम-घूमकर लोगों के घरों से लकड़ियां, उपले आदि एकत्र किए। रात 10.36 बजे शुभ मुहूर्त में लोग एकत्र हुए। युवा, बुजुर्ग सभी ढोल-नगाड़े, हारमोनियम और झांझ पर फाग गीत गाते हुए झूमे और शुभ मुहूर्त में होलिका में आग लगाई।
आग लगते ही होलिका धू-धू कर जलने लगी। होलिका जलने पर लोगों ने खूब आतिशबाजी की। साथ ही एक दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। जगह- जगह फाग गीतों पर युवाओं ने खूब मस्ती की।
इसके बाद शुक्रवार की सुबह हर आयु वर्ग के लोगों ने अपने अपने अंदाज में होली खेली। दोपहर बाद 2 बजे तक होली खेलने का सिलसिला चलता रहा। उसके बाद शाम को गीतों को गाते हुए अबीर व गुलाल खेलने वाली टोली निकली।
इस दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। शरारती तत्वों पर पुलिस की खास नजर थी। हालांकि जिले में होली का पर्व शांति के साथ बीत गया।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*