फर्जी अस्पताल की लापरवाही ने ली जच्चा-बच्चा की जान, गलत दवा और ब्लड चढ़ाने से महिला व नवजात की मौत
प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत
परिजनों ने लगाया गलत इलाज का आरोप
फर्जी तरीके से चल रहा था अस्पताल
संचालक के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया केस
सीएमओ ने जांच के लिए गठित की टीम
चंदौली जिले में अवैध और झोलाछाप अस्पतालों के संचालन का मामला एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में आ गया है। ताजा मामला कंदवा थाना क्षेत्र का है, जहां स्थानीय चौराहे पर स्थित न्यू देव हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान जच्चा और नवजात शिशु की दर्दनाक मौत हो गई। एक ही परिवार में हुई इस दोहरी मौत की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद से मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
खुशियों का इंतजार बदला मातम में
जानकारी के अनुसार, सुनील राम की बहू को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने उसे कंदवा थाना क्षेत्र स्थित न्यू देव हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। परिवार के लोगों को उम्मीद थी कि अस्पताल में सुरक्षित प्रसव के बाद मां और बच्चे की खुशियां घर आएंगी, लेकिन कुछ ही देर में उनकी सारी उम्मीदें मातम में बदल गईं। इलाज के दौरान गर्भवती महिला और उसके नवजात शिशु दोनों ने दम तोड़ दिया। जच्चा-बच्चा की मौत की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
गलत ब्लड या दवा चढ़ाने का लगा आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज के दौरान महिला को गलत ब्लड अथवा दवा चढ़ा दी गई थी। इसी के बाद महिला की हालत लगातार बिगड़ती चली गई और आखिरकार उसकी और नवजात की मौत हो गई। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन पर लगे इन गंभीर आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मृतका के ससुर द्वारा तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया।

फर्जी तरीके से चल रहा था अस्पताल, मुकदमा दर्ज
सूचना मिलते ही कंदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर अस्पताल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दूसरी ओर, इस मामले पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारितोष मिश्रा ने स्पष्ट किया कि संबंधित न्यू देव हॉस्पिटल पूरी तरह फर्जी तरीके से संचालित हो रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए एक टीम गठित कर दी है और नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
स्वास्थ्य व्यवस्था की निगरानी पर उठे बड़े सवाल
इस दर्दनाक घटना ने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था और अवैध रूप से चल रहे निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। आम लोगों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बिना किसी मानक और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं के ऐसे फर्जी अस्पताल खुलेआम कैसे संचालित हो रहे हैं। समय रहते इन पर सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की जाती? फिलहाल, अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच टीम की रिपोर्ट में क्या तथ्य सामने आते हैं और स्वास्थ्य विभाग व पुलिस प्रशासन दोषियों पर क्या कार्रवाई करता है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







