जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

5 महीने भी थाने का काम नहीं संभाल पाए कंदवा थाना प्रभारी विनोद कुमार अंचल, इस तरह की 'नौटंकी' पर किए गए लाइन हाजिर

चंदौली के कंदवा थाना प्रभारी विनोद कुमार अंचल को कार्यों में लापरवाही बरतने पर एसपी आकाश पटेल ने लाइन हाजिर कर दिया है। 5 महीने पहले ही उन्हें थाने की कमान मिली थी।   

 
 

कंदवा थाना प्रभारी विनोद अंचल लाइन हाजिर   

महज 5 महीने पहले संभाली थी कमान   

दुधारू गाय से जुड़े विवाद में लापरवाही   

एसपी आकाश पटेल ने की सख्त कार्रवाई   

सीओ सदर नामेंद्र रावत ने की पुष्टि

चंदौली जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और पुलिस विभाग में जवाबदेही तय करने के लिए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने एक बार फिर सख्त कदम उठाया है। कामकाज में लापरवाही बरतने के आरोप में कंदवा थाना प्रभारी विनोद कुमार अंचल को लाइन हाजिर कर दिया गया है। गौरतलब है कि महज पांच महीने पहले ही एसपी ने उन्हें कंदवा थाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। इतने कम समय में ही थाने का कार्यभार ठीक से न संभाल पाने और अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में चर्चाओं का बाजार गर्म है। सीओ सदर नामेंद्र रावत ने भी इस प्रशासनिक कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि की है।   

kandwa-sho-vinod-kumar-anchal-line-hazir-sp-action

दुधारू गाय के विवाद से जुड़ा बताया जा रहा मामला
विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई के पीछे कंदवा थाना क्षेत्र का एक चर्चित प्रकरण बताया जा रहा है। क्षेत्र में एक दुधारू गाय को पकड़े जाने से जुड़ा विवाद सामने आया था। चर्चा है कि इस मामले को सुलझाने के नाम पर कई दिनों तक पंचायत और आपसी बातचीत का दौर चलता रहा। धीरे-धीरे जब यह पूरा मामला और इससे जुड़ी शिकायत पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल तक पहुंची, तो उन्होंने इसे बेहद गंभीरता से लिया और पूरे प्रकरण की तहकीकात करने का मन बनाया।   

जांच रिपोर्ट के बाद गिरी गाज
बताया जा रहा है कि शिकायत मिलने के बाद उच्चाधिकारियों द्वारा इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई गई। जांच के दौरान जो तथ्य सामने आए, उसके आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों ने कंदवा थाना प्रभारी की कार्यशैली की गहन समीक्षा की। समीक्षा में लापरवाही उजागर होने के बाद एसपी आकाश पटेल ने कड़ा रुख अपनाते हुए तत्काल प्रभाव से थाना प्रभारी विनोद कुमार अंचल को लाइन हाजिर करने का आदेश जारी कर दिया।   


पुलिस महकमे में अनुशासन का संदेश
एसपी आकाश पटेल की इस सख्त कार्रवाई को जिले के पुलिस महकमे में अनुशासन और जवाबदेही का एक कड़ा संदेश माना जा रहा है। महज पांच महीने पहले कंदवा जैसे महत्वपूर्ण थाने की कमान संभालने वाले प्रभारी को इस तरह हटाए जाने के बाद पुलिसकर्मियों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। अधिकारियों का साफ संदेश है कि ड्यूटी में किसी भी तरह की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

फिलहाल, इस पूरे प्रकरण में पुलिस प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।  सीओ सदर नामेंद्र रावत ने भी इस प्रशासनिक कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि की है और कहा है कि लापरवाही के मामले में किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*