नहर सफाई में विधायक के गुर्गों ने किया 30-40 करोड़ का घोटाला, भाजपा विधायक पर पूर्व विधायक का बड़ा हमला
सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू का बड़ा आरोप, भाजपा विधायक पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप, कहा: किसानों के साथ हो रहा अन्याय और विधायकजी नहर पर घूमकर खिंचवा रहे हैं फोटो
चंदौली जिले में नहर सफाई को लेकर बड़ा राजनीतिक बवाल खड़ा हो गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने प्रेस वार्ता कर भाजपा विधायक पर 30 से 40 करोड़ रुपये के घोटाले का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह घोटाला भाजपा विधायक के करीबी सहयोगियों द्वारा अंजाम दिया गया है और इसमें प्रशासन की भी मिलीभगत है।

"किसानों के हक पर डाका डाल रही है सत्ता"
मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि "धान के कटोरे" के नाम से मशहूर चंदौली में किसान आज बदहाली की स्थिति में हैं। नहरों की ठीक से सफाई नहीं होने के चलते खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा, जिससे धान की फसल सूखने की कगार पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगहों पर नहरों में पानी का बहाव पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है और अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं।
भाजपा विधायक पर सीधा निशाना
पूर्व विधायक ने कहा कि जिले के सत्ताधारी भाजपा विधायक इतने ताकतवर हो गए हैं कि प्रशासन उनके सामने लाचार नजर आता है। अधिकारियों को न तो कुछ कहने की हिम्मत हो रही है और न ही कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि विधायक न तो किसानों की समस्या को लेकर कभी सक्रिय रहे, और न ही प्रशासन को जवाबदेह बनाने का प्रयास किया।
समाजवादी पार्टी की चेतावनी
मनोज सिंह ने चेताया कि अगर जल्द स्थिति में सुधार नहीं हुआ और किसानों को न्याय नहीं मिला, तो समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। उन्होंने मांग की कि घोटाले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

नहर सफाई की तत्काल आवश्यकता
पूर्व विधायक ने प्रशासन से आग्रह किया कि नहरों की तत्काल सफाई करवाई जाए, ताकि फसलें बचाई जा सकें और किसानों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार को यह समझना चाहिए कि किसान ही इस देश की रीढ़ हैं और उनके साथ अन्याय किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस पूरे मामले ने जिले की राजनीति को एक बार फिर तपिश में डाल दिया है और अब सबकी निगाहें प्रशासन और सत्ता पक्ष की अगली प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






