जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

गनर हटते ही मनोज सिंह डब्लू को सताने लगा हत्या का डर, जानिए किससे है जान का खतरा

मनोज सिंह डब्लू ने आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें बिना लाइसेंस के जांच और अन्य बहानों से लगातार परेशान कर रही है, जबकि उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
 

पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने डीएम से लगाई सुरक्षा की गुहार

अपनी हत्या की जतायी आशंका

जिले में ताबड़तोड़ हत्याओं से दहशत में हैं पूर्व विधायक 

चंदौली जिले में  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी से मुलाकात की और अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि साजिश के तहत उनका गनर हटा दिया गया, जिससे उनकी जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।

पूर्व विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह लंबे समय से एक संवेदनशील राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और वर्तमान में उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी सत्तारूढ़ दल से ताल्लुक रखते हैं, जो बेहद शक्तिशाली है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था हटाया जाना उनकी जान के लिए खतरे का संकेत है। उन्होंने कहा कि जनपद में आए दिन फायरिंग और हत्या की घटनाएं हो रही हैं और ऐसे माहौल में किसी जनप्रतिनिधि की सुरक्षा हटाना गंभीर लापरवाही है।

मनोज सिंह डब्लू ने आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें बिना लाइसेंस के जांच और अन्य बहानों से लगातार परेशान कर रही है, जबकि उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा हटाकर और झूठे मामलों में जांच के नाम पर परेशान कर, मानसिक रूप से कमजोर करने और हत्या की साजिश की जा रही है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि मामले को गंभीरता से लिया जाए और तत्काल प्रभाव से उन्हें सुरक्षा व्यवस्था बहाल की जाए। जिलाधिकारी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए आश्वासन दिया कि वह पुलिस अधीक्षक और अन्य उच्चाधिकारियों से बात कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे।

पूर्व विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना घटती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। उन्होंने प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाने का यह प्रयास निंदनीय और खतरनाक है। पूर्व विधायक की यह शिकायत सिर्फ एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि एक जनप्रतिनिधि की सुरक्षा से जुड़ा अहम सवाल बन गया है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और शासन इस गंभीर मामले में कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है और पूर्व विधायक की सुरक्षा को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।

आपको याद होगा कि धानापुर इलाके में सुरक्षा हटाने के बाद एक हत्या हो चुकी है, जिस मामले में प्रशासन अपनी चूक पर लीपापोती कर रहा है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*