जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

पम्प कैनालों की जर्जर हालत देखने निकले पूर्व विधायक मनोज सिंह, किसानों का दर्द किया साझा

पूर्व विधायक ने कहा कि अगर जल्द मरम्मत और दुरुस्तीकरण का कार्य नहीं कराया गया तो किसानों को भारी दिक्कतें होंगी और उन्हें महंगे डीजल पम्पों के सहारे खेती करनी पड़ेगी।
 

धान रोपाई के सीजन में एक बार फिर सिंचाई संकट गहराने की संभावना

मनोज सिंह डब्लू ने किया कई पम्प कैनालों का निरीक्षण

धनाइतपुर, मुड्डा और चिरईगांव में पम्प कैनालों की खराब स्थिति उजागर

समय रहते मरम्मत न हुई तो किसान आंदोलन की चेतावनी

चंदौली जिले में धान की रोपाई का समय नजदीक आते ही किसानों की चिंताएं बढ़ने लगी हैं। पर्याप्त सिंचाई सुविधा के अभाव में खेतों में रोपाई प्रभावित होने की आशंका गहराती जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर शनिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने जिले के कई पम्प कैनालों का निरीक्षण किया।

पूर्व विधायक ने धनाइतपुर, मुड्डा और चिरईगांव स्थित पम्प कैनालों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पम्प कैनालों की दुर्दशा देख वह मर्माहत हो उठे। उन्होंने बताया कि पम्प कैनालों की हालत पूरी तरह से जर्जर है। कई जगह मोटरें जल चुकी हैं, पाइप फटी हुई हैं और कुछ स्थानों पर पम्प कैनाल की नावें भी क्षतिग्रस्त अवस्था में हैं।

मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पानी की सबसे ज्यादा जरूरत धान की रोपाई के समय होती है, लेकिन मौजूदा हालात में इन पम्प कैनालों से किसानों को कोई राहत नहीं मिलने वाली। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पिछले दस वर्षों से किसानों के हितों की बातें तो खूब करती है लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि इन पम्प कैनालों तक जाने के लिए समुचित रास्ता तक नहीं बन पाया है।

पूर्व विधायक ने कहा कि अगर जल्द मरम्मत और दुरुस्तीकरण का कार्य नहीं कराया गया तो किसानों को भारी दिक्कतें होंगी और उन्हें महंगे डीजल पम्पों के सहारे खेती करनी पड़ेगी। उन्होंने चेताया कि अगर सिंचाई व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया तो क्षेत्रीय किसान आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिरईगांव में सिंचाई विभाग के अवर अभियंता (JE) सुनील यादव से भी बात की और किसानों की समस्याओं को विस्तार से रखा। JE ने जल्द से जल्द पम्प कैनालों की मरम्मत कराने और संचालन सुनिश्चित करने का भरोसा दिया।

पूर्व विधायक के हस्तक्षेप के बाद विभाग ने मरम्मत कार्य में तेजी दिखाई और मौके पर कार्य शुरू कराने के निर्देश भी दिए गए।

इस दौरान मनोज सिंह डब्लू के साथ लल्लन बिंद, मुकेश साहनी, संतोष उपाध्याय, गुड्डू सिंह, महमूद अली, समीर अंसारी, हेमंत कन्नौजिया और अमित उपाध्याय समेत कई स्थानीय लोग और किसान भी मौजूद रहे।

पूर्व विधायक ने अंत में कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों के हक और उनके हितों के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन से अपील की कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की जाए ताकि समय रहते किसानों को सिंचाई का पानी उपलब्ध हो सके।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*