जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

अमरनाथ यात्रा की लोग कर रहे हैं तैयारी, सरकारी अस्पताल से बनवा रहे हैं मेडिकल सर्टिफिकेट

पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय में रोजाना 15 से 18 श्रद्धालु स्वास्थ्य प्रमाणपत्र बनवाने आ रहे हैं।
 

 अमरनाथ यात्रा के लिए स्वास्थ्य प्रमाणपत्र जरूरी

स्वस्थ होने पर ही मिलेगी अमरनाथ यात्रा की अनुमति

स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनवाने रोजाना पहुंच रहे एक से डेढ़ दर्जन लोग  

 

चंदौली जिले के लोगो के लिए अमरनाथ यात्रा में शामिल होने के लिए स्वास्थ्य प्रमाणपत्र जरूरी है। इसमें शामिल होने के लिए पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय में रोजाना 15 से 18 श्रद्धालु स्वास्थ्य प्रमाणपत्र बनवाने आ रहे हैं। इसके लिए सभी जांच जरूरी है। नियमानुसार यदि आप स्वस्थ नहीं है तो यात्रा में शामिल नहीं हो सकते हैं। 


जिले से हर साल काफी संख्या में लोग बाबा अमरनाथ के दर्शन-पूजन के लिए जाते हैं। यात्रा पर जाने से पहले श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य प्रमाणपत्र बनवाना अनिवार्य है। जांच में स्वस्थ होने पर यात्रा पर जाने की अनुमति मिलेंगी। स्वास्थ्य प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के लिए जिला अस्पताल में व्यवस्था बनाई गई है। यात्रा में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू होने से श्रद्धालुओं में खुशी है। जिला अस्पताल में फिजिशियन, सर्जन और नेत्र सर्जन की कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी श्रद्धालुओं की ओर प्रस्तुत आवेदन के आधार पर उनके स्वास्थ्य की जांच करेंगी। 

ऐसे बनेगा हेल्थ सर्टिफिकेट
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सत्य प्रकाश ने बताया कि जिला अस्पताल में सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक डॉक्टरों की ओर से ब्लड, किडनी, हर्ट, हड्डी, नेत्र की जांच की जाएगी। इसके बाद 24 घंटे में स्वास्थ्य प्रमाणपत्र उपलब्ध करा दिया जाएगा। अगर किसी बिंदु पर अस्वस्थता की रिपोर्ट आती है तो अनुमति नहीं दी जाएगी। सब कुछ सामान्य रहने पर ही अमरनाथ यात्रा पर जाने के लिए स्वास्थ्य प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। 

कई तरह की होंगी जांचें
सीएमएस ने कहा कि जिन श्रद्धालुओं को अमरनाथ यात्रा पर जाना है, उन्हें पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय के रजिस्ट्रेशन काउंटर से एक रुपये की पर्ची लेने पर ही जांच की सभी सुविधाएं मिलेंगी। वहां कर्मचारी पर्ची पर ही जांच के लिए मुहर लगा देगा। इसके बाद पैथालॉजी, ईसीजी व रेडियोलाजिस्ट विभाग में जांच करानी होगी। जांच रिपोर्ट मिलने पर तीनों डॉक्टरों को दिखाना होगा। जांच रिपोर्ट के अनुसार वे अनुमति प्रदान करेंगे। इसके लिए कमेटी का गठन किया गया है। यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी जांच निःशुल्क है। 


मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सत्य प्रकाश बोले-
इस सम्बंध में जिला चिकित्सालय चंदौली पंडित कमलापति त्रिपाठी के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सत्य प्रकाश ने बताया कि पंडित कमलापति त्रिपाठी सयुंक्त जिला चिकित्सालय में अमरनाथ यात्रा में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। सभी जांच होने के बाद स्वस्थ मिलने पर ही श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य प्रमाणपत्र दिया जाता है। यात्रियों के लिए सभी जांच व अन्य सुविधाएं निःशुल्क हैं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*