जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चंदौली से बेखौफ अंदाज में दौड़ती हैं खनन माफियाओं की गाड़ी: चेकिंग के दौरान खनन अधिकारी पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास

चंदौली में चेकिंग के दौरान अवैध लाल बालू लदे एक ट्रक चालक ने खनन अधिकारी के वाहन को टक्कर मार दी। 15 किलोमीटर पीछा कर पुलिस ने ट्रक तो पकड़ लिया, लेकिन चालक फरार हो गया। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

 
 

खनन अधिकारी पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास

15 किलोमीटर दूर घेराबंदी कर पकड़ा

ट्रक से 35 घन मीटर बालू जब्त

एआई चेक गेट से बचने की साजिश

ट्रक मालिक और चालक पर मुकदमा दर्ज

चंदौली जिले में बिहार सीमा से होने वाले अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन की सख्ती जारी है। इसी क्रम में नौबतपुर में लगे एआई चेक गेट (AI Check Gate) की निगरानी से बचने के लिए तस्करों ने नया तरीका निकाला है। माफिया अब ट्रकों से नंबर प्लेट हटाकर बिहार से अवैध बालू और गिट्टी उत्तर प्रदेश की सीमा में ला रहे हैं। मंगलवार की रात इसी तरह के एक मामले में चेकिंग के दौरान जिला खनन अधिकारी पर ट्रक चढ़ाने और टीम को कुचलने का दुस्साहसिक प्रयास किया गया।

विकास भवन पर हमला कर 15 किलोमीटर भागा ट्रक
मंगलवार रात जिला खनन अधिकारी प्रदीप कुमार राज के नेतृत्व में प्रवर्तन दल विकास भवन के पास वाहनों की चेकिंग कर रहा था। इसी दौरान बिहार की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को टीम ने रुकने का इशारा किया। चालक ने ट्रक रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और खनन अधिकारी के सरकारी वाहन को जोरदार टक्कर मारते हुए आगे निकल गया। इस हमले में अधिकारी और उनकी टीम के सदस्य बाल-बाल बच गए। वारदात को अंजाम देकर चालक ट्रक को तेजी से भगाते हुए करीब 15 किलोमीटर दूर निकल गया।

घेराबंदी कर टेंगरा मोड़ के पास पकड़ा गया वाहन
खनन अधिकारी ने फौरन इसकी सूचना अपर पुलिस अधीक्षक को दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वायरलेस पर मैसेज पास किया और आगे घेराबंदी शुरू कर दी। मुस्तैद पुलिस टीम ने टेंगरा मोड़ के पास ट्रक को चारों तरफ से घेरकर रोक लिया। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक चालक मौके से भागने में सफल रहा। बाद में वाहन को सब्जी मंडी लाया गया। जिला खनन अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने फरार चालक और ट्रक मालिक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बिना नंबर प्लेट और ट्रांजिट पास के हो रहा था परिवहन
जिला खनन अधिकारी प्रदीप कुमार राज ने बताया कि पकड़े गए ट्रक पर बिना किसी वैध दस्तावेज के अवैध रूप से 35 घन मीटर लाल बालू लदा हुआ था। पुलिस से बचने के लिए शातिर तस्करों ने ट्रक की नंबर प्लेट भी गायब कर रखी थी। इसके अलावा चालक के पास परिवहन से संबंधित कोई ट्रांजिट पास नहीं मिला। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*