जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने कहा- अखिलेश को लुंगी-टोपी के संरक्षक, तो सपा विधायक ने बोले- मंत्रीजी संस्कार विहीन

चंदौली पहुंचे मंत्री रवीन्द्र जायसवाल द्वारा सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर दिए गए विवादित बयान के बाद जिला की राजनीति में उबाल आ गया है। सकलडीहा के सपा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने मंत्री को 'संस्कार विहीन' बता डाला है।

 
 

मंत्री रवीन्द्र जायसवाल के बिगड़े बोल

सपा विधायक का तीखा पलटवार

अखिलेश यादव पर आपत्तिजनक टिप्पणी

चंदा चोरी के मुद्दे पर घमासान

चंदौली की राजनीति में मचा बवाल

 चंदौली जिले में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान सूबे के स्वतंत्र प्रभार मंत्री रवीन्द्र जायसवाल द्वारा दिए गए एक बयान ने सियासी गलियारों में भारी घमासान मचा दिया है। दरअसल, मंत्री जी कलेक्ट्रेट में शिक्षकों की कैशलेस चिकित्सा योजना के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, लेकिन कार्यक्रम के बाद उनके बिगड़े बोल ने भाजपा और सपा के बीच जुबानी जंग को तेज कर दिया है।

अखिलेश यादव पर मंत्री का तीखा और विवादित हमला
राम मंदिर चंदे की जांच की मांग से जुड़े सवाल पर भड़के मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि इन्हें राम के चंदे से कोई मतलब नहीं है, ये सिर्फ लुंगी और टोपी वालों की निगाह में अपना नंबर बढ़ाकर वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं। मंत्री ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने अपने कार्यकाल में सिर्फ कब्रिस्तानों की बाउंड्री कराई, हिंदुओं के अंत्येष्टि स्थल या मंदिरों के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने आगे कहा कि ये लोग जामा मस्जिद या चर्च के चंदे की जांच की मांग क्यों नहीं करते?

सपा विधायक का पलटवार- मंत्री जी संस्कार विहीन हैं
बयान के दौरान सपा प्रमुख के लिए कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल पर सकलडीहा विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने मोर्चा खोल दिया। उन्होंने मंत्री पर कड़ा पलटवार करते हुए उन्हें सीधे 'संस्कार विहीन' कह डाला। सपा विधायक ने कहा कि मंत्री जी भाषा की मर्यादा भूल चुके हैं और उनमें राजनीतिक संस्कारों की भारी कमी है।

मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए हो रही बयानबाजी
विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा नेता इस तरह की ओछी बयानबाजी सिर्फ असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए कर रहे हैं। चंदा चोरी के असली मुद्दे पर जवाब देने के बजाय धार्मिक और विवादित टिप्पणियां की जा रही हैं। मीडिया के सामने दोनों ही दलों के नेताओं के बीच तीखे आरोप-प्रत्यारोप का यह सिलसिला इस समय पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*