‘मारेंगे नहीं, लेकिन मानेंगे नहीं’: सपा विधायक प्रभुनारायण की चेतावनी, बाढ़ पीड़ितों के लिए मनोज सिंह के साथ दिया धरना
विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव के साथ पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ता
विधायक ने 11 सूत्रीय मांगों पर दिया जोर
उपजिलाधिकारी कुंदन राज कपूर ने विधायक को दिया है अपनी ओर से आश्वासन
चंदौली जनपद के सकलडीहा में समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव के नेतृत्व में बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं और 11 सूत्री मांगों को लेकर एक विशाल धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विधायक ने अधिकारियों को सीधी चेतावनी दी कि अगर समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो सपा आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।

सकलडीहा तहसील मुख्यालय पर आयोजित इस धरने में सपा के कई बड़े नेता, जिनमें सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू और जिलाध्यक्ष शामिल थे, मौजूद रहे। विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने उपजिलाधिकारी कुंदन राज कपूर के सामने ही अधिकारियों को चेताया और कहा कि “हम मारेंगे नहीं, लेकिन मानेंगे भी नहीं।” उनका यह बयान बताता है कि अगर बाढ़ पीड़ितों को न्याय नहीं मिला तो पार्टी विरोध-प्रदर्शन को और तेज कर सकती है।

11 सूत्रीय मांगों पर जोर
धरना खत्म होने से पहले विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने उपजिलाधिकारी कुंदन राज कपूर को ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को हुए नुकसान का निष्पक्ष सर्वे कराकर जल्द मुआवजा देने की मांग की। इसके अलावा, उन्होंने कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे भी उठाए, जिनमें प्रमुख मांगें ये हैं :---
- जल निकासी: विधायक ने कहा कि ड्रेनों की सफाई न होने से जलजमाव की समस्या है, जिसे तुरंत दूर किया जाए।
- पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं की मांग: उन्होंने पेयजल की समस्या का समाधान करने और संभावित बीमारियों को रोकने के लिए दवाइयों का छिड़काव करने की भी मांग की।
- पशु चिकित्सा में लापरवाही : बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए चिकित्सा व्यवस्था सुधारने की मांग की गई।
- बिजली की समस्या: बाधित बिजली व्यवस्था को तत्काल बहाल करने की बात कही।
- सड़क और मुआवजा की नीति: सकलडीहा से सैदपुर तक बनने वाली हाईवे सहित अन्य सड़कों में जिन किसानों की जमीन गई है, उन्हें उचित मुआवजा देने के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग को भी नसीहत दी गई।
इसके अलावा, उन्होंने ‘जल जीवन मिशन’ के तहत गांव की खराब हो चुकी सड़कों पर भी नाराजगी जताई।

उपजिलाधिकारी कुंदन राज कपूर ने विधायक और उनके समर्थकों को आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं को संबंधित विभागीय अधिकारियों के सामने रखा जाएगा और एक निश्चित समय सीमा के भीतर उनका समाधान किया जाएगा। उपजिलाधिकारी के इस आश्वासन के बाद ही धरना समाप्त किया गया।
सपा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने इस धरने के माध्यम से यह साफ कर दिया है कि वे अपने क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को लेकर गंभीर हैं और सरकार पर दबाव बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








