जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने किया प्रभावित गांवों का दौरा, राशन-दवा और आर्थिक मदद का दिया भरोसा

चंदौली के बरहनी क्षेत्र में बाढ़ से बने हालातों के बीच विधायक सुशील सिंह ने प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने पीड़ितों से मिलकर मदद का भरोसा दिलाया और अफसरों को नुकसान का जल्द सर्वे कर आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए।
 

बरहनी के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा

ग्रामीणों से सीधे संवाद कर सुनी समस्याएं

राशन, भोजन और दवा वितरण के निर्देश

फसल और मकान के नुकसान का सर्वे

पारदर्शी सर्वे कराकर जल्द मुआवजा देने का भरोसा

चंदौली के बरहनी ब्लॉक अंतर्गत बाढ़ की चपेट में आए मानिकपुर, नौबतपुर, चारी, चिरईगांव और दैथा गांवों में स्थिति का जायजा लेने बृहस्पतिवार को विधायक सुशील सिंह पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जलभराव के बीच पहुंचकर सीधे ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।

'आपदा की इस घड़ी में हम आपके साथ हैं'
विधायक ने ग्रामीणों का हाल-चाल जानते हुए उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि आपदा के इस संकट में सरकार और प्रशासन पूरी तरह से पीड़ितों के साथ खड़ा है। किसी भी परिवार को परेशान नहीं होने दिया जाएगा और हर संभव मदद समय पर पहुंचाई जाएगी।

राशन, भोजन और दवाओं की व्यवस्था के निर्देश
निरीक्षण के दौरान विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि बाढ़ से घिरे सभी परिवारों के लिए पर्याप्त भोजन, सूखा राशन और जरूरी दवाओं का वितरण तुरंत सुनिश्चित किया जाए। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

फसल और मकान के नुकसान का होगा पारदर्शी सर्वे
विधायक ने क्षेत्रीय लेखपाल और प्रशासनिक टीम को बाढ़ से हुए नुकसान का निष्पक्ष और त्वरित सर्वे करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि फसल, मकान और पशुधन की क्षति का सही-सही आकलन कर रिपोर्ट जल्द पेश करें, ताकि सभी प्रभावितों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।

निरीक्षण में प्रशासनिक अधिकारी भी रहे मौजूद
दौरे के समय एसडीएम सदर चंदौली संजय राय, प्रमुख प्रतिनिधि बरहनी महेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष विपिन सिंह, कानूनगो शिव प्यारे दुबे और लेखपाल शैलेश कुमार सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*