जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

MLC चुनाव का बिगुल: 10 मतदान केंद्र तय, 23 अक्टूबर को पड़ेंगे वोट; DM चंद्र मोहन गर्ग ने जारी किया शेड्यूल

वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव 2026 के लिए चंदौली में तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले में 10 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 23 अक्टूबर को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी। पूरी खबर पढ़ें।
 

चंदौली में 10 मतदान केंद्र निर्धारित

6 अक्टूबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया

23 अक्टूबर को सुबह से मतदान

27 अक्टूबर को होगी वोटों की गिनती

डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने दिए निर्देश

वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र 2026 के एमएलसी चुनाव को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए चंदौली जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार (01 अक्टूबर 2026) को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें चुनाव से जुड़ी महत्वपूर्ण तिथियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

चंदौली: विधान परिषद चुनाव के लिए 10 मतदान केंद्र तय, 23 अक्टूबर को होगी वोटिंग; कलेक्ट्रेट में डीएम ने ली बैठक

6 अक्टूबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया

बैठक के दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने निर्वाचन का पूरा शेड्यूल जारी किया। उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 6 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। इसके बाद 7 अक्टूबर को नामांकनों की जांच की जाएगी, जबकि 9 अक्टूबर तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक होगा और 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी।

जिले में बनाए गए 10 मतदान केंद्र

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जिले भर में मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए कुल 10 केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने तैनात जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को सख्त निर्देश दिए कि वे तुरंत अपने-अपने क्षेत्रों के केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करें। पोलिंग बूथों पर पेयजल, बिजली और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में सुनिश्चित कराई जाएं और किसी भी कमी को समय रहते दुरुस्त कर लिया जाए।

लापरवाही पर मिलेगी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में हिदायत दी कि चुनावी कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, डीसी एनआरएलएम श्वेता सिंह और एआरटीओ सर्वेश गौतम उपस्थित रहे, जबकि सभी एसडीएम और संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*