चंदौली में आधुनिक बस स्टेशन का सपना जल्द होगा साकार: UPSRTC के MD ने DPR ड्राफ्ट को दी मंजूरी
चंदौली में ऐसा बनेगा अत्याधुनिक बस स्टेशन
4.17 एकड़ में तैयार होगा नए मॉडल वाला आधुनिक परिवहन हब
'विकसित उत्तर प्रदेश 2047' योजना को मिली गति
यूपीएसआरटीसी के एमडी ने किया चंदौली बस डिपो का निरीक्षण
DPR ड्रॉफ्ट को दी प्राथमिक स्तर पर स्वीकृति
एक सप्ताह में टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश
चंदौली जिले में रोडवेज बस स्टेशन का सपना जल्द ही साकार होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “Viksit Uttar Pradesh 2047” के तहत राज्य में आधुनिक और सुरक्षित परिवहन अवसंरचना के विकास को गति प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में, चंदौली जिले में प्रस्तावित आधुनिक बस स्टेशन और बस डिपो की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज हो गई है।
प्रबंध निदेशक ने किया परियोजना स्थल का निरीक्षण
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) के प्रबंध निदेशक, प्रभु एन सिंह (IAS), ने गुरुवार की शाम को चंदौली बस स्टेशन और चंदौली डिपो बनाए जाने वाले परियोजना स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद, उन्होंने DPR के ड्रॉफ्ट डिजाइन को प्राथमिक स्वीकृति प्रदान कर दी।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह DPR परिवहन मंत्री दाया शंकर सिंह और उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में तैयार किया गया है। परियोजना का मुख्य उद्देश्य चंदौली जिले को एक उच्च गुणवत्ता वाला, तकनीकी रूप से उन्नत और यात्री अनुकूल बस स्टेशन प्रदान करना है, ताकि जिले और आसपास के क्षेत्रों में बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध हो सके।
परियोजना की मुख्य विशेषताएं
यह प्रस्तावित बस स्टेशन जिले का सबसे बड़ा और अत्याधुनिक बस स्टेशन बनने जा रहा है। परियोजना के मुख्य बिंदुओं के अनुसार, यह कुल 4.17 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा।
प्रमुख निर्माण और संचालन क्षमताएं निम्नलिखित हैं:--
• निर्माण क्षेत्र का एरिया : लगभग 3,438 वर्ग मीटर क्षेत्रों में आधुनिक बिल्डिंग और संचालन सुविधाएं निर्मित होंगी।
• प्रतिदिन की यात्री क्षमता: स्टेशन में प्रतिदिन लगभग 4,500 यात्रियों की आवाजाही क्षमता होगी।
• बस संचालन का प्लान : दैनिक संचालन योजना के तहत 120 बसों का परिचालन होगा।
• चंदौली डिपो में बनने वाली सुविधाएँ: परियोजना में 16 बस बे, 22 पार्किंग स्लॉट, EV बस पार्किंग, वर्कशॉप यूनिट, वॉशिंग स्टेशन, और फ्लोर स्टेशन सहित कई तकनीकी सुविधाएं शामिल हैं।
इस पूरे डिज़ाइन में साफ-सफाई, आधुनिक सुविधाएं, इलेक्ट्रिक बस-फ्रेंडली सिस्टम और सुरक्षा को सर्वोपरि रखा गया है, ताकि एक बेहतरीन बस अड्डा बनाया जा सके।
एमडी के सख्त निर्देश: एक सप्ताह में अंतिम DPR जमा करें
निरीक्षण के दौरान, UPSRTC के प्रबंध निदेशक प्रभु एन सिंह ने परियोजना के कुछ पहलुओं को और बेहतर बनाने के सुझाव दिए। उन्होंने प्रवेश-निकास व्यवस्था, सुरक्षा, ग्रीन एरिया, यात्री प्रतीक्षालय और बस संचालन क्षमता को सुधारने के निर्देश दिए। सबसे महत्वपूर्ण निर्देश यह था कि संशोधित और अंतिम DPR एक सप्ताह के भीतर UPSRTC को सौंपी जाए। यह इसलिए आवश्यक है ताकि इसे शासन से अनुमोदन प्राप्त कर निविदा की प्रक्रिया जल्द से जल्द शुरू की जा सके। एमडी ने यह भी निर्देश दिया कि परियोजना लागत को यथासंभव कम रखा जाए, और भविष्य में स्टेशन के रख-रखाव का खर्च भी न्यूनतम हो।
कनेक्टिविटी को मिलेगी नई दिशा
यह आधुनिक बस स्टेशन, अपने बेहतर सुरक्षा मानकों और यात्री-अनुकूल सुविधाओं के साथ, चंदौली में परिवहन व्यवस्था को एक नई दिशा देगा। यह परियोजना जिले की कनेक्टिविटी को अत्यधिक मजबूत करने में सहायक होगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








