जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

मुगलसराय और चकिया में विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन, 30 नवंबर से शुरू होंगी प्रतियोगिताएं

मुगलसराय और चकिया विधानसभा क्षेत्रों में विधायक खेल स्पर्धा आयोजित की जाएगी। आठ खेल विधाओं में खिलाड़ी हिस्सा लेंगे और विजेताओं को प्रमाण-पत्र व पुरस्कार मिलेंगे।
 

मुगलसराय विधानसभा में 30 नवंबर से खेल प्रतियोगिता शुरू

चकिया विधानसभा में 5 से 7 दिसंबर तक मुकाबले

आठ खेल विधाओं में बालक और बालिका वर्ग स्पर्धा

विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र व पुरस्कार

पंजीकरण के लिए प्रभारी अधिकारियों के नंबर किए गए जारी

ग्रामीण इलाकों में खेलों को बढ़ावा देने और छिपी प्रतिभाओं को आगे लाने के उद्देश्य से विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन किया जा रहा है। युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस स्पर्धा का मकसद खिलाड़ियों को जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। इसके साथ ही युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित करके स्वस्थ समाज बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

मुगलसराय और चकिया में विधायक खेल स्पर्धा: जानें तिथियां, स्थान और पंजीकरण की जानकारी

आठ खेलों में होगा मुकाबला
इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के अंतर्गत आठ खेल विधाओं में मुकाबले होंगे। इनमें एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, कबड्डी, कुश्ती, भारोत्तोलन, बैडमिंटन, फुटबॉल और जूडो शामिल हैं। सब जूनियर, जूनियर और सीनियर आयु वर्ग में महिला व बालिका तथा पुरुष व बालक दोनों श्रेणियों के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

मुगलसराय विधानसभा का पूरा शेड्यूल
विधानसभा-380 मुगलसराय में 30 नवंबर 2026 को महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज, चंदौली में एथलेटिक्स, कबड्डी और वॉलीबॉल के मुकाबले होंगे। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 को रेलवे ग्राउंड (इंडियन इंस्टीट्यूट) मुगलसराय में फुटबॉल, जूडो और कुश्ती होगी। वहीं 2 दिसंबर 2026 को नवनिर्मित बैडमिंटन हॉल, चंदौली पॉलिटेक्निक में बैडमिंटन और 3 दिसंबर 2026 को सहदेव यादव वेटलिफ्टिंग ट्रेनिंग सेंटर, पड़ाव में प्रतियोगिता कराई जाएगी।


चकिया विधानसभा में 5 से 7 दिसंबर तक आयोजन
विधानसभा-383 चकिया में 5 दिसंबर 2026 को किसान इंटर कॉलेज, सैदूपुर, शहाबगंज में एथलेटिक्स, वॉलीबॉल और कबड्डी के खेल होंगे। इसके बाद 6 दिसंबर 2026 को फुटबॉल व भारोत्तोलन तथा 7 दिसंबर 2026 को राजकीय इंटर कॉलेज, नौगढ़ में बैडमिंटन, कुश्ती और जूडो की स्पर्धा होगी। खिलाड़ी केवल अपनी ही विधानसभा के मुकाबले में हिस्सा ले सकेंगे और उन्हें आधार कार्ड की छायाप्रति साथ लानी होगी।

पंजीकरण के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क
इच्छुक खिलाड़ियों को तय समय पर पंजीकरण कराकर निर्धारित स्थल और तारीख पर पहुंचना होगा। मुगलसराय के कार्यक्रम प्रभारी श्वेतांक मिश्रा (क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रा०वि०अ०, वि०ख० सदर) से मोबाइल नंबर 8127124824 पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं चकिया के कार्यक्रम प्रभारी राहुल कुमार वर्मा (क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रा०वि०अ०, वि०ख० चकिया) के मोबाइल नंबर 7985105975 पर संपर्क कर पंजीकरण कराया जा सकता है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*