मुगलसराय हत्याकांड : मृतक रोहिताश पॉल के भाई और पुत्र ने CM योगी को लिखा पत्र
मृतक के भाई और पुत्र ने सीएम को लिखा पत्र
मृतक के पुत्र सिद्धांत पाल और छोटे भाई सिद्धार्थ पाल की अपील
पुलिस कार्रवाई और प्रशासनिक मदद के जरिए मांगा न्याय
चंदौली जिले के मुगलसराय में दवा कारोबारी रोहिताश पाल की गोली मारकर हत्या से क्षेत्र में शोक और आक्रोश की लहर है। घटना के बाद से व्यापारियों, संगठनाओं और आम लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। सभी जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग पर एकजुट हैं। इसी क्रम में मृतक के पुत्र और परिवारजनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से भावुक अपील जारी की है, जो तेजी से वायरल हो रही है।
बता दें कि मृतक के पुत्र सिद्धांत पाल और छोटे भाई सिद्धार्थ पाल ने फेसबुक पर मार्मिक पोस्ट करते हुए लिखा कि यह कृत्य बेहद क्रूर और अमानवीय है, जबकि उनके पिता का किसी से कोई विवाद नहीं था। पोस्ट में उन्होंने लिखा— “जिस क्रूर और अमानवीय घटना में मेरे पिता की जान चली गई, उसमें उनका कोई दोष नहीं था। आज मैं अकेला हूं, लेकिन आप सभी के सहयोग से न्याय की इस लड़ाई को आगे बढ़ा सकता हूं। आप सभी मेरी इस अपील को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाने में मेरी मदद करें।” यह पोस्ट अब व्यावसायिक समुदाय के साथ-साथ आम जनता के बीच भी समर्थन जुटा रहा है।

इधर, केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट फेडरेशन उत्तर प्रदेश ने भी इस घटना को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। फेडरेशन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को औपचारिक पत्र भेजते हुए मांग की है कि जिला प्रशासन को तत्काल अपराधियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए जाएं, ताकि मृतक परिवार को इंसाफ मिल सके। फेडरेशन ने यह भी बताया कि रोहिताश पाल फेडरेशन की चंदौली इकाई में महामंत्री के पद पर थे और व्यावसायिक जगत में उनकी साफ-सुथरी छवि थी।
व्यापारियों का कहना है कि नगर में बढ़ते आपराधिक मामलों से दहशत का माहौल बन रहा है। कई व्यापारी संगठनों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे बड़े आंदोलन को बाध्य होंगे। उधर, पुलिस टीमें लगातार सुराग जुटाने और आरोपियों की तलाश में दबिशें दे रही हैं।
दवा कारोबारी की निर्मम हत्या ने जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस कार्रवाई और प्रशासनिक कदमों पर टिकी हैं, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






