राष्ट्रीय लोक अदालत में 1.53 लाख मुकदमों का हुआ निपटारा, इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस ने किया शुभारंभ
चंदौली में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 1.53 लाख से अधिक लंबित मुकदमों का ऐतिहासिक निस्तारण किया गया। हाईकोर्ट के प्रशासनिक न्यायमूर्ति तेज प्रताप तिवारी ने इसका वर्चुअल शुभारंभ किया। लोक अदालत में करोड़ों रुपये के समझौतों पर सहमति बनी।
चंदौली राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन
1.53 लाख से अधिक मुकदमों का निपटारा
करोड़ों रुपये के मुआवजे और ऋण सेटलमेंट
हाईकोर्ट जस्टिस तेज प्रताप तिवारी ने किया शुभारंभ
राजस्व और बैंक मामलों में रिकॉर्ड निस्तारण
चंदौली के सदर तहसील सभागार में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य शुभारंभ हुआ। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के माननीय प्रशासनिक न्यायमूर्ति श्री तेज प्रताप तिवारी ने मुख्य अतिथि के रूप में वर्चुअल मोड में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
इस अवसर पर कार्यकारी जनपद न्यायाधीश श्री अशोक कुमार-XI, परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश श्री किरन पाल सिंह, जिलाधिकारी श्री चंद्रमोहन गर्ग, पुलिस अधीक्षक श्री आकाश पटेल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती निकिता गौड़ सहित सभी न्यायिक अधिकारी, प्रशासनिक अफसर, बैंक प्रतिनिधि और अधिवक्ता मौजूद रहे।
अदालतों ने निपटाए 10,070 मामले, मिला करोड़ों का मुआवजा
जनपद न्यायालय की विभिन्न अदालतों द्वारा कुल 10,070 मुकदमों का निस्तारण किया गया। इसमें मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) की पीठासीन अधिकारी श्रीमती रश्मि नन्दा ने 63 मामलों को निपटाते हुए पीड़ितों को 4,39,30,000 रुपये का मुआवजा दिलाया। वहीं परिवार न्यायालय ने 46 मामलों का निपटारा किया, जिसमें 05 दंपतियों को फिर से साथ रहने के लिए राजी किया गया। सीजेएम श्री प्रभाष त्रिपाठी ने 4578 मामलों का निस्तारण कर 5,25,500 रुपये जुर्माना वसूला। कुल मिलाकर अदालतों ने 11,96,035 रुपये जुर्माना वसूला और 4,60,94,389 रुपये की समझौता राशि तय की।
बैंकों और राजस्व मामलों में हुआ रिकॉर्ड निस्तारण
लोक अदालत में बैंकों और राजस्व विभाग का भी शानदार प्रदर्शन रहा। जिले के राजस्व न्यायालयों द्वारा कुल 1,41,849 मुकदमों का निस्तारण किया गया, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिली। इसके साथ ही जनपद की बैंक शाखाओं ने 1,368 एनपीए और ऋण खातों का समाधान करते हुए 9,29,34,500 रुपये का समझौता किया, जिसके तहत 2,70,30,500 रुपये की नकद वसूली भी की गई। इसके अलावा 05 सिविल वादों में 66,35,481 रुपये के उत्तराधिकार प्रमाण पत्र जारी किए गए।
कुल 1,53,287 मुकदमों के निस्तारण से मिली राहत
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती निकिता गौड़ ने बताया कि जनपद चंदौली के न्यायालयों, राजस्व विभाग और बैंकों द्वारा एक ही दिन में कुल 1,53,287 वादों का सफल निस्तारण किया गया। इस लोक अदालत से न केवल वर्षों से लंबित मुकदमों का बोझ कम हुआ, बल्कि हजारों परिवारों को आपसी सहमति से सुलभ और त्वरित न्याय भी प्राप्त हुआ।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







