जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

'मुहर मेरी नहीं, तो किसने बनाया सर्टिफिकेट?' भैसौड़ा प्रधान की शिकायत से नौगढ़ तहसील प्रशासन में हड़कंप

चंदौली की नौगढ़ तहसील में फर्जी मुहर से निवास प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। भैसौड़ा ग्राम प्रधान की शिकायत के बाद जिलाधिकारी ने जांच शुरू कर दी है, जिससे तहसील में खलबली मच गई है।

 
 

नौगढ़ तहसील की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल

भैसौड़ा ग्राम प्रधान ने लगाया फर्जी मुहर का आरोप

बाहरी महिला का अवैध तरीके से बना निवास प्रमाण पत्र

लेखपालों की कार्यशैली और सत्यापन प्रक्रिया पर उठी उंगली

जिलाधिकारी से की गई पूरे मामले की लिखित शिकायत

फर्जी मुहर से बने सरकारी दस्तावेज ?

चंदौली जिले की नौगढ़ तहसील इन दिनों अपनी कार्यप्रणाली को लेकर बड़े विवादों में घिर गई है। भैसौड़ा ग्राम पंचायत की महिला ग्राम प्रधान खुश्बून निशा की एक शिकायत ने पूरी तहसील व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रधान का आरोप है कि उनकी फर्जी मुहर का इस्तेमाल करके शबनम नाम की एक महिला का निवास प्रमाण पत्र और पहचान से जुड़े अन्य कागजात तैयार करा लिए गए।

naugarh-tehsil-fake-stamp-investigation-updates

गांव में न घर, न जमीन फिर भी बन गया सर्टिफिकेट
ग्राम प्रधान का साफ कहना है कि जिस मुहर के दम पर ये सारे कागजात जारी हुए हैं, वह मुहर उनकी है ही नहीं। इतना ही नहीं, जिस महिला के नाम पर यह दस्तावेज बने हैं, वह न तो इस गांव में रहती है और न ही गांव में उसकी कोई जमीन या मकान है। इस खुलासे के बाद अब यह बड़ा सवाल उठ रहा है कि आखिर बिना किसी सही जांच के यह प्रमाण पत्र कैसे जारी हो गया?

लेखपालों की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल
इस मामले के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और ग्रामीणों के बीच तहसील के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। नौगढ़ इलाके में प्रमाण पत्रों को बनाने और राजस्व से जुड़े कामों में लेखपालों की कथित लापरवाही और वसूली के किस्से अक्सर सामने आते रहते हैं। इस घटना ने एक बार फिर स्थानीय स्तर पर होने वाले वेरिफिकेशन के खेल को उजागर कर दिया है।

डीएम की जांच पर टिकी सबकी निगाहें
मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि लाल मोहम्मद ने जिलाधिकारी  को एक लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा है। इस शिकायत में फर्जी तरीके से तैयार किए गए सभी दस्तावेजों को तुरंत निरस्त करने और इस पूरे खेल में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। शिकायत के बाद अब हर किसी की नजरें जिलाधिकारी की प्रशासनिक जांच और आने वाले फैसले पर टिकी हुई हैं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*