छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों बिछाए थे विस्फोटक, CRPF जवान फिरोज खान हो गए जख्मी
सुकमा में IED विस्फोट में चंदौली का जवान घायल
बलुआ क्षेत्र के नादी गांव निवासी फिरोज खान छत्तीसगढ़ में हैं तैनात
सीआरपीएफ की 74वीं बटालियन में है पोस्टिंग
चंदौली जिले बलुआ थाना क्षेत्र के नादी गांव निवासी सीआरपीएफ जवान फिरोज खान छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों के लगाए गए आईईडी (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हो गए। रविवार को यह घटना फुलबगड़ी थाना क्षेत्र के गोगुंडा पहाड़ी जंगल में हुई। घटना की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम का माहौल है।
आपको बता दें कि 27 वर्षीय फिरोज खान सीआरपीएफ की 74वीं बटालियन में तैनात हैं। वे वर्ष 2022 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे। उनकी पहली तैनाती छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में ही हुई थी। बताया जा रहा है कि रविवार की सुबह ड्यूटी के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी पर पैर पड़ जाने से जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट में फिरोज खान के पैर में गंभीर चोटें आईं। साथी जवानों ने तत्काल उन्हें मौके से निकालकर प्राथमिक उपचार दिया।
इसके बाद उन्हें हेलीकॉप्टर से रायपुर एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने वीडियो कॉल के माध्यम से उनका हालचाल जाना और राहत की सांस ली। पिता मैनुद्दीन खान, जो बीएसएफ से वर्ष 2017 में सेवानिवृत्त हुए हैं, बेटे के पास जाने की तैयारी में जुटे हैं। पूरे क्षेत्र में जवान की कुशलता की दुआएं की जा रही हैं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






