जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

नए साल में मिल जाएगी चंदौली को नई मछली मंडी, जानिए कौन-कौन सी होगी सुविधाएं

चंदौली जिले में नवीन मंडी परिसर में चल रहे स्टेट आफ आर्ट होलसेल मत्स्य बाजार का निर्माण कार्य फरवरी 2025 तक पूर्ण हो जाएगा। वर्तमान में 85 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है।
 

स्टेट आफ आर्ट होलसेल मत्स्य बाजार का निर्माण होगा पूरा

सारा कार्य फरवरी 2025 तक हो जायेगा पूर्ण,

मत्स्य बाजार के निर्माण से पालकों को मिलेगा नववर्ष का तोहफा 

चंदौली जिले में नवीन मंडी परिसर में चल रहे स्टेट आफ आर्ट होलसेल मत्स्य बाजार का निर्माण कार्य फरवरी 2025 तक पूर्ण हो जाएगा। वर्तमान में 85 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। पैनलिंग व फ्लोरिंग का कार्य कराया जा रहा है। ऐसे में नववर्ष में मत्स्य पालकों को मत्स्य बाजार के रूप में तोहफा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

आपको बता दें कि मत्स्य मंडी का निर्माण बीते जुलाई माह में ही पूर्ण होना था। लेकिन, लोकसभा चुनाव के कारण नवीन मंडी परिसर में इवीएम के लिए स्ट्रांग रूम बनाए जाने व पोलिंग पार्टियों की रवानगी को लेकर निर्माण कार्य लगभग एक माह तक ठप रहा। ऐसे में कार्य को सुचारु रूप से चालू करने में विलंब हुआ। इसके बाद दिसंबर माह तक निर्माण कार्य को पूर्ण करने की अवधि निर्धारित की गई, लेकिन अब निर्माण कार्य को पूर्ण करने के लिए दो माह और बढ़ा दिया गया है। फरवरी 2025 तक निर्माण कार्य पूर्ण होना है। भवन के फिनिशिंग का कार्य 85 प्रतिशत पूर्ण हो गया है। पैनलिंग व फ्लोरिंग का कार्य अभी शेष है।


निर्माण में खर्च होगा 61.87 करोड़ : 


मत्स्य मंडी के निर्माण में 61.87 करोड़ रुपये खर्च होगा। तीन मंजिला भवन अंतरराष्ट्रीय स्तर की अल्ट्रा  माडल मत्स्य मंडी का निर्माण दस हजार वर्ग मीटर में कराया जा रहा है। मंडी के बनने से पूर्वांचल के मत्स्य पालन करने वालों की आय तो दोगुनी होगी ही 1500 से अधिक लोगों को रोजगार भी मिलेगा। मछली से संबंधित सभी कारोबार एक छत के नीचे होगा। यहां फिश रेस्टोरेंट, प्रशिक्षण के लिए कांफ्रेंस हाल, प्रोसेसिंग यूनिट समेत कई तरह की सुविधाएं होंगी।

मछली के आकार की होगी बिल्डिंग: 

मछली के आकार की इस बिल्डिंग में मछली पालन के तरीकों, मार्केटिंग, तकनीक, एक्सपोर्ट से लेकर मछली के कई प्रकार के पकवान पकाने और खाने की भी सुविधा होगी। इसमें मछली का होलसेल और रिटेल मार्केट होगा। सीड्स, फीड्स, चारा, दवाएं, कोल्ड स्टोरेज, म्यूजियम और अन्य उपकरण सभी चीजें एक छत के नीचे उपलब्ध होंगी। मछली पालन को लेकर दुनिया भर में चल रही नई तकनीक का प्रदर्शन आधुनिक एग्जीबिशन हाल में किया जाएगा।


इस सम्बंध में कार्य प्रोजेक्ट एसपी पांडेय ने बताया कि मत्स्य मंडी का निर्माण कार्य 15 फरवरी 2025 तक पूर्ण होने की उम्मीद है। 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है। दरवाजा और खिड़की लगाने का कार्य चल रहा है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*