जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

9 करोड़ की लागत से बनेगी नई हाईटेंशन लाइन, दुलहीपुर इलाके के 2 लाख उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ

चंदासी उपकेंद्र पर गर्मियों में लोड इतना बढ़ जाता है कि खपत 500 एंपीयर तक पहुंच जाती है। लगातार ओवरलोडिंग और रोस्टिंग की वजह से विभाग को बार-बार कटौती करनी पड़ती है।
 

साहुपूरी पावर हाउस से निकलेगी नई लाइन

9 करोड़ की लागत से बनेगी परियोजना

2 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को लाभ

जल्द शुरू होगा कार्य

चंदौली जिले के पीडीडीयू के दुलहीपुर में बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ करने और उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज व घंटों की कटौती से राहत देने के लिए विद्युत विभाग लगभग नौ करोड़ रुपये की लागत से नई हाईटेंशन लाइन तैयार कराने जा रहा है। यह 33 हजार वोल्ट की लाइन साहुपूरी पावर हाउस से निकलकर सीधे सूजाबाद और चंदासी उपकेंद्रों से जुड़ जाएगी। परियोजना पूरी होने के बाद करीब दो लाख से अधिक उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा, जिनमें पीडीडीयू नगर के अलावा 25 गांव शामिल हैं।

मौजूदा व्यवस्था और समस्याएं

फिलहाल साहुपूरी पावर हाउस से केवल एक ही 33 हजार वोल्ट की लाइन के जरिए सूजाबाद और चंदासी उपकेंद्रों को बिजली आपूर्ति होती है। सूजाबाद उपकेंद्र की लाइन पूरी तरह अंडरग्राउंड है, जिससे खराबी आने पर करीब 15 हजार उपभोक्ताओं की आपूर्ति बाधित हो जाती है और उन्हें घंटों परेशानी झेलनी पड़ती है।

वहीं, चंदासी उपकेंद्र पर गर्मियों में लोड इतना बढ़ जाता है कि खपत 500 एंपीयर तक पहुंच जाती है। लगातार ओवरलोडिंग और रोस्टिंग की वजह से विभाग को बार-बार कटौती करनी पड़ती है। फॉल्ट और ट्रिपिंग आम समस्या बन चुकी है। ग्रामीण क्षेत्रों में तो हालात और भी खराब हैं, जहां उपभोक्ताओं को रोजाना कई-कई घंटे बिजली का इंतजार करना पड़ता है।

नई लाइन से होगा लोड संतुलित

नई हाईटेंशन लाइन बनने के बाद दोनों उपकेंद्रों का लोड संतुलित हो जाएगा। इससे न केवल बार-बार होने वाली बाधाओं से मुक्ति मिलेगी बल्कि निर्बाध बिजली आपूर्ति भी सुनिश्चित हो सकेगी।

इन क्षेत्रों को मिलेगा लाभ

सूजाबाद उपकेंद्र से जुड़े पड़ाव, सूजाबाद, मडिया, बहादुरपुर, करवत, सीतापुर, डांडी, न्यू डांडी, जलीलपुर, चौरहट, बिहारी कॉलोनी, तीन अपार्टमेंट, पड़ाव बाजार, भोपौली मार्ग और जीटी रोड के उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं, चंदासी उपकेंद्र से जुड़े दुलहीपुर, दुलहीपुर बाजार, महाबलपुर, बगही, चादनी मार्केट, मलोखर, भीसौड़ी, सतपोखरी, प्लाट, हुशैनाबाद, चंदासी, हरिशंकरपुर, लेडुआ पर, अमोगपुर, भोगवारे हॉस्पिटल और पीडीडीयू नगर के उपभोक्ता लाभान्वित होंगे।

अधिकारियों की प्रतिक्रिया

अधिशासी अभियंता सुनील कुमार यादव ने बताया कि 33 हजार वोल्ट की नई हाईटेंशन लाइन का टेंडर पूरा हो चुका है और कार्य जल्द ही प्रारंभ होगा। वहीं, उपखंड अधिकारी मनोज कुमार कश्यप ने कहा कि दूसरी लाइन बनने से उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज और कटौती की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*