जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चंदौली में मकान मालिकों को देना होगा नया टैक्स, भवन निर्माण पर श्रम विभाग के नये उपकर का जल्द मिलेगा नोटिस

भवन की लागत कवर्ड एरिया और सरकारी एजेंसियों जैसे लोनिवि, वीडीए, राजकीय निर्माण निगम द्वारा निर्धारित प्रति स्क्वायर फुट रेट के आधार पर तय की जाएगी।
 

फरवरी 2009 के बाद बने भवनों पर लागू

दस लाख से अधिक लागत वाले भवन शामिल

भवन मालिकों को विभाग से नोटिस भेजा जाएगा

सेस न चुकाने पर देना होगा 2 प्रतिशत मासिक ब्याज

चंदौली जिले में यदि आपने फरवरी 2009 के बाद कोई भवन बनवाया है और उसकी लागत दस लाख रुपये से अधिक है, तो अब आपको एक प्रतिशत उपकर (सेस) श्रम विभाग में जमा करना होगा। यह व्यवस्था दस लाख रुपये से अधिक लागत वाले निजी और सरकारी भवनों पर लागू होगी। इसके लिए भवन मालिकों को विभाग की ओर से नोटिस जारी किया जाएगा।

आपको बता दें कि पीडीडीयू नगर में निर्माण कराने के लिए पहले वाराणसी विकास प्राधिकरण और ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत से नक्शा पास कराना पड़ता था, जिसमें निर्धारित शुल्क जमा करना होता है। अब इसमें श्रम विभाग भी शामिल हो गया है। श्रम विभाग के अनुसार, भवन एवं निर्माण कर्मकार अधिनियम के तहत एक प्रतिशत सेस वसूलने का प्रावधान 2009 में लागू किया गया था। हालांकि, तब इसका क्रियान्वयन पूरी तरह से नहीं हो पाया था। अब इस पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

विभाग सभी भवनों का सर्वे GIS (Geographic Information System) मैपिंग के माध्यम से करेगा। कर्मचारियों की कमी के कारण हर भवन का व्यक्तिगत सर्वे संभव नहीं है। GIS मैपिंग के जरिए भवनों की स्थिति का पता लगाकर नोटिस भेजा जाएगा।

श्रम विभाग ने स्पष्ट किया है कि नोटिस में सेस का भुगतान करने की समय सीमा भी तय की जाएगी। यदि भवन मालिक समय पर सेस का भुगतान नहीं करते हैं, तो उन्हें प्रत्येक माह दो प्रतिशत ब्याज भी देना होगा। यदि भवन फरवरी 2009 से पहले बना है और नोटिस आ गया है, तो गृह कर, जलकर और बिजली बिल आदि प्रस्तुत कर प्रमाणित किया जा सकता है।

भवन की लागत कवर्ड एरिया और सरकारी एजेंसियों जैसे लोनिवि, वीडीए, राजकीय निर्माण निगम द्वारा निर्धारित प्रति स्क्वायर फुट रेट के आधार पर तय की जाएगी। इस वित्तीय वर्ष में भी शासन ने लक्ष्य निर्धारित किया है कि इस सेस की राशि का उपयोग श्रमिकों के लिए 15 से अधिक कल्याणकारी योजनाओं के संचालन में किया जाएगा।

इस संबंध में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने बताया कि श्रम प्रवर्तन अधिकारियों को उपकर वसूली के निर्देश दिए गए हैं और इस व्यवस्था का उद्देश्य भवन निर्माण में पारदर्शिता लाना और श्रमिक कल्याण के लिए वित्तीय संसाधन जुटाना है। इस नई पहल से भवन मालिकों को समय रहते अपने दायित्वों का पालन करना आवश्यक होगा, अन्यथा अतिरिक्त ब्याज भुगतान करना पड़ेगा।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*