जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चंदौली में NHAI की बड़ी लापरवाही: NH-19 पर पचफेड़वा में जलभराव, गड्ढों में गिरकर बाल-बाल बच रहे राहगीर

चंदौली के अलीनगर पचफेड़वा में NH-19 पर जगह-जगह बने गड्ढे और जलभराव राहगीरों के लिए मुसीबत बन गए हैं। बारिश में गड्ढे न दिखने से रोज हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क जल्द दुरुस्त करने की मांग की है।

 

अलीनगर के पचफेड़वा में NH-19 पर जलभराव

बारिश ने खोली NHAI की लापरवाही की पोल

सड़क पर गड्ढों से हादसों का बढ़ा खतरा

ड्यूटी पर जा रहे पुलिसकर्मियों की बाइक फंसी

स्थानीय लोगों ने सड़क दुरुस्त करने की मांग की

चंदौली जिले में अलीनगर थाना क्षेत्र के पचफेड़वा के पास नेशनल हाइवे (NH-19) पर हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। मुगलसराय से चंदौली के बीच हाइवे के रख-रखाव में भारी लापरवाही देखने को मिल रही है। बारिश होते ही सड़क पर जगह-जगह जलभराव हो गया है, जिससे नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के दावों की हवा निकल गई है।

सड़क निर्माण और मरम्मत के नाम पर जगह-जगह गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं। बारिश का पानी भर जाने की वजह से राहगीरों को सड़क पर बने गड्ढे नजर नहीं आते हैं। इसके चलते रोज गाड़ियां इन गड्ढों में फंस रही हैं और लोग चोटिल हो रहे हैं। सड़क की इस बदहाली से स्थानीय लोगों और वहां से गुजरने वाले चालकों में काफी गुस्सा है।


पुलिसकर्मी भी हुए शिकार, बाल-बाल बचे राहगीर
हाल ही में सड़क पर भरे पानी के कारण एक व्यक्ति अपने परिवार के साथ बाइक से जाते समय गड्ढे में फंसकर गिर पड़ा और बाल-बाल बचा। इतना ही नहीं, ड्यूटी पर जा रहे पुलिसकर्मियों की बाइक भी पानी से भरे गड्ढे में फंस गई। गनीमत यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन लगातार हो रही इन घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हाइवे काफी व्यस्त रहता है और दिन-रात गाड़ियों की आवाजाही लगी रहती है। ऐसे में पानी से भरे गड्ढों की वजह से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। सबसे बड़ा सवाल यही उठता है कि अगर कोई अनहोनी या जान-माल का नुकसान होता है, तो उसका जिम्मेदार कौन होगा—एनएचएआई या बेबस राहगीर?

nh19-waterlogging-potholes-alinagar-issue

सड़क दुरुस्त कराने की उठाई मांग
क्षेत्रीय निवासियों और राहगीरों ने एनएचएआई (NHAI) के जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि पचफेड़वा के पास बने इन खतरनाक गड्ढों को तुरंत भरा जाए और पानी की निकासी का सही इंतजाम किया जाए। लोगों का कहना है कि प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते कार्रवाई करनी चाहिए।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*