चंदौली के चार ब्लाकों में खुलेंगे न्यूट्रीमैक्स प्लांट, महिलाओं को मिलेगा रोजगार
चंदौली जिले के चार ब्लाकों में पुष्टाहार कारखाना खुलने जा रहा है। इस पुष्टाहार कारखानों में 12 हजार महिलाओं को रोजगार दिया जायेगा ।
बताते चलें कि चकिया, सदर, धानापुर और सकलडीहा ब्लाक में खुलने वाले न्यूट्रिमेक्स प्लांट के लिए शासन स्तर से 90-90 लाख रुपये की किस्त जारी की जा चुकी है। प्रत्येक कारखाने से 300-300 स्वयं सहायता समूहों को जोड़ा जाएगा। हर समूह में 10-10 महिलाएं शामिल रहेंगी। इस तरह कुल 12 हजार महिलाओं को नियमित रोजगार मिलेगा।
महिलाएं कारखाने में पुष्टाहार बनाकर बाल विकास व परियोजना विभाग को आपूर्ति करेंगी। इसके बदले महिलाओं को लगभग 250 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मानदेय दिया जाएगा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए तमाम पहल की जा रही है। इसके तहत जिले में पुष्टाहार कारखाना खोलने की योजना है। प्रस्ताव लगभग एक साल पहले से ही चल रहा है। इसके लिए ब्लाकों में जमीन आदि ढूंढ़ ली गई है। वहीं मशीनें खरीदने और अन्य इंतजामों के लिए 90-90 लाख रुपये भी दिए जा चुके हैं। इसके लिए एक ब्लाक में लगाने के लिए मशीन भी पहुंच चुकी है।
पुष्टाहार बनाने वाली निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने महिलाओं को प्रशिक्षण भी दिया था। हालांकि अभी मशीनें लगने के बाद इनको चलाने का तरीका बताया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही कि आने वाले एक-दो माह में पुष्टाहार कारखानों का संचालन शुरू हो जाएगा।
अतिपिछड़े जिले में स्वास्थ्य व पोषण की स्थिति ठीक नहीं है। लाभार्थियों को समय से पुष्टाहार आदि का वितरण नहीं हो पाता है। इसकी वजह से पोषण मिशन परवान नहीं चढ़ पा रहा। स्थानीय स्तर पर पुष्टाहार कारखाना की शुरूआत होने से अभियान को काफी गति मिलेगी। महिलाएं ब्लाकों में पुष्टाहार तैयार करेंगी। इसके बाद विभिन्न वाहनों के जरिए आंगनबाड़ी केंद्रों पर इसकी आपूर्ति करेंगी। समय से पुष्टाहार केंद्रों पर पहुंचेगा तो जल्द वितरण भी होगा। इसके लिए महिलाओं को पिकअप आदि वाहन खरीदने के लिए धनराशि दी जाएगी। हालांकि किराए की कमाई से वाहन खरीदने को लिए गए कर्ज की राशि चुकता करनी होगी।
इस सम्बन्ध में स्वत: रोजगार उपायुक्त धर्मजीत सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर पहले पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चार ब्लाकों में न्यूट्रिमेक्स प्लांट की स्थापना की जा रही है। यदि पहला प्रयोग सफल रहा तो अन्य ब्लाकों में भी न्यूट्रिमेक्स प्लांट लगाए जा सकते हैं। जिले में खपत से यदि अधिक उत्पादन हुआ तो इसकी आपूर्ति गैर जनपदों में भी की जा सकती है। इससे महिलाओं की आय बढ़ जाएगी। ' चार ब्लाकों में पुष्टाहार कारखानों की शुरूआत जल्द होगी। कारखानों में समूह से जुड़ी 12 हजार महिलाओं को रोजगार मिलेगा। प्रत्येक कारखाने से 300 समूहों की महिलाएं जुडेंगी। उन्हें नियमित रोजगार मिलेगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






