जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

माध्यमिक स्कूलों का दौरा करने वाले अब पोर्टल पर ही देंगे अपनी आख्या, ऑनलाइन व्यवस्था से बढ़ेगी पारदर्शिता

इन विद्यालयों का निरीक्षण परख पोर्टल पर आनलाइन किया जाएगा। इसे लेकर विभाग ने पोर्टल पर काम करना भी शुरू कर दिया है। विद्यालयों को अपनी समय सारणी इस पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।
 
विद्यालयों का लेखा जोखा परख पोर्टल पर, पोर्टल के माध्यम से मिलेगी हर एक जानकारी,  विभाग ने परख पोर्टल पर काम करना किया शुरू

चंदौली जिले के बेसिक शिक्षा विभाग की तर्ज पर माध्यमिक विद्यालयों का निरीक्षण अब पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। विभाग इसके लिए तैयारी में जुट गया है। पोर्टल पर ही निरीक्षण की आख्या देनी होगी। अभी तक अधिकारी विद्यालयों का आफलाइन निरीक्षण करते थे। इसमें मनमर्जी हावी रहती थी।

आपको बता दें कि जनपद में माध्यमिक शिक्षा परिषद के 264 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। यहां लगभग 1.27 लाख छात्र छात्राएं पंजीकृत हैं। इन विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न पोर्टल चलाए जा रहे हैं।

इसी क्रम में परख पोर्टल तैयार किया गया है। इन विद्यालयों का निरीक्षण परख पोर्टल पर आनलाइन किया जाएगा। इसे लेकर विभाग ने पोर्टल पर काम करना भी शुरू कर दिया है। विद्यालयों को अपनी समय सारणी इस पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।

डीआइओएस को समय-समय पर विद्यालयों का इस पोर्टल के माध्यम से आनलाइन निरीक्षण करना होगा। इस पर विद्यालयों संसाधनों, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय आदि की आख्या निरीक्षण के समय अधिकारी को आनलाइन अपलोड करनी होगी।

अलग-अलग बिंदुओं का हुआ निर्धारण

परख पोर्टल पर स्कूलों के निरीक्षण की आख्या के लिए राजकीय, सहायता एवं वित्त विहीन स्कूलों के लिए अलग-अलग बिंदुओं का निर्धारण किया गया है। राजकीय स्कूलों के लिए प्रधानाचार्य कक्ष, शिक्षण कक्ष की उपलब्धता, कंप्यूटर कक्ष की उपलब्धता व क्रियाशीलता, अग्निशमन यंत्र की उपलब्धता व क्रियाशीलता, बायोमैट्रिक मशीन की उपलब्धता व क्रियाशीलता, पंख पोर्टल का विद्यालय स्तर पर उपयोग, शिक्षक डायरी की उपलब्धता समेत 40 बिंदुओं का निर्धारण किया गया है, जबकि अशासकीय सहायता प्राप्त स्कूलों के लिए 38 और वित्तविहीन स्कूलों के लिए 34 बिंदुओं का निर्धारण किया गया है।

विद्यालय पहुंच पोर्टल पर भरनी होगी रिपोर्ट

नई व्यवस्था के तहत डीआइओएस विद्यालय पहुंचेंगे। वहां मोबाइल का जीपीएस चालू कर मोबाइल पर ही परख पोर्टल खोलेंगे। इसके बाद निरीक्षण की आख्या पोर्टल पर भरेंगे। सफाई से लेकर संसाधन शैक्षिक स्तर आदि भरना होगा। बाद में इसे आनलाइन भेज देंगे। लखनऊ से इसकी निगरानी होगी।

इस संबंध में प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक डा. राजेश यादव ने बताया कि माध्यमिक विद्यालयों का निरीक्षण परख पोर्टल पर आनलाइन हुआ करेगा। पोर्टल पर ही निरीक्षण आख्या आनलाइन अपलोड करनी होगी। इस पर कार्य शुरू कर दिया गया है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*