चंदौली में पशु तस्करी में पकड़ी गयी गाड़ियों की नीलामी, ₹27.34 लाख से अधिक का मिलेगा राजस्व
गोवंश तस्करी में प्रयुक्त वाहनों पर चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई
30 वाहनों की सार्वजनिक नीलामी से ₹27.34 लाख का राजस्व
क्षेत्राधिकारी नौगढ़ की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई नीलामी प्रक्रिया
चंदौली जिले में गोवंश तस्करी पर नकेल कसने के साथ-साथ पुलिस प्रशासन अब ऐसे मामलों में बरामद वाहनों की सार्वजनिक नीलामी भी कर रहा है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी नौगढ़ की अध्यक्षता में रविवार को थाना चकरघट्टा और थाना चकिया परिसर में कुल 30 वाहनों की नीलामी की गई। इससे प्रशासन को ₹27,34,650 का राजस्व प्राप्त हुआ।
नीलामी की प्रक्रिया
नीलामी कार्यवाही न्यायालय के आदेशानुसार संबंधित राजस्व और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हुई। सभी वाहनों को निर्धारित नियमों व शर्तों के अनुसार सबसे ऊंची बोली लगाने वाले व्यक्तियों को सौंपा गया।

नीलामी का ब्यौरा
- थाना चकरघट्टा: कुल 14 वाहन नीलाम हुए, जिनमें 5 गोवंश तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी शामिल रहे। इन वाहनों की मूल कीमत ₹9,78,500 थी, जिस पर जीएसटी ₹1,76,130 जोड़कर कुल ₹11,54,630 की राशि प्राप्त हुई।
- थाना चकिया: यहां कुल 16 वाहन नीलाम किए गए, जिनमें 6 गोवंश तस्करी से संबंधित वाहन शामिल रहे। इनकी मूल कीमत ₹13,39,000 थी, जिस पर जीएसटी ₹2,41,020 जोड़कर कुल ₹15,80,020 का राजस्व प्राप्त हुआ।

भविष्य में भी जारी रहेगी कार्रवाई
पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि गोवंशों की तस्करी में प्रयुक्त किसी भी वाहन पर सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। साथ ही ऐसे वाहनों की नीलामी की प्रक्रिया भविष्य में भी जारी रहेगी, जिससे अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







