बिजली से दूर इन 50 गांवों और मजरों में जाएगी रोशनी, नवंबर शुरू होगा विद्युतीकरण काम
नवंबर से 50 गांवों बिजली ले जाने का प्लान
मजरों में दिया जाएगा बिजली का कनेक्शन
आजादी के बाद पहली बार इन गांवों में पहुंचेगी बिजली
सर्वे कार्य 30 सितंबर तक पूरा होने की उम्मीद
चंदौली जिले के चकिया, नौगढ़ और सकलडीहा तहसील के 50 गांवों व मजरों में नवंबर माह से बिजली का कार्य शुरू होगा। आजादी के बाद पहली बार इन इलाकों में बिजली पहुंचेगी। यह कार्य रिवैप योजना और सौभाग्य योजना-3 के तहत किया जा रहा है, और शासन ने इसके लिए पूरी मंजूरी प्रदान कर दी है। अधिकारियों का दावा है कि नवंबर से पोल, तार और ट्रांसफार्मर लगाने का काम शुरू हो जाएगा।
इस परियोजना की कुल लागत 250 करोड़ रुपये है। इसके तहत हाईटेंशन और एलटी लाइन बिछाने के साथ-साथ 10 केवीए के नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। अनुमानित तौर पर 150 किलोमीटर एलटी तार और 50 किलोमीटर हाईटेंशन तार बिछाया जाएगा, जबकि 550 से अधिक बिजली खंभे लगाए जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि मार्च 2026 तक सभी कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
पहले सौभाग्य योजना फेज-2 के तहत जिले के लगभग एक हजार मजरों और गांवों को बिजली कनेक्शन से जोड़ा जा चुका है। बावजूद इसके, चकिया, नौगढ़ और सकलडीहा तहसील के 50 गांवों में अब तक बिजली का कनेक्शन नहीं पहुंच पाया था। इसके लिए तीसरे फेज का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था।
अधिकारी यह भी बता रहे हैं कि 30 सितंबर तक सभी गांवों का सर्वे पूरा कर लिया जाएगा। सर्वे के बाद ही पोल और तार लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नई बस्तियों की सूची भी ऊर्जा निगम को सौंप दी है। इन क्षेत्रों में भी सर्वे कार्य जारी है।
अधीक्षण अभियंता रविचन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद शत-प्रतिशत मजरे बिजली से जुड़ जाएंगे। इससे ग्रामीण इलाकों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और अन्य सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
इस परियोजना की निगरानी प्रतिदिन जेई और एक्सईएन उच्चाधिकारियों द्वारा की जाएगी। अधिकारी लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे इस कार्य में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की समस्या या सुझाव तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।
विद्युतीकरण की यह पहल न केवल गांवों में जीवन स्तर को बेहतर बनाएगी, बल्कि ग्रामीणों की रोजमर्रा की परेशानियों को भी कम करेगी। ग्रामीणों में इस कार्य को लेकर उत्साह और उम्मीद का माहौल है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







