मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार: प्रहलादपुर ग्राम पंचायत लगातार दूसरी बार जनपद में प्रथम, मिले ₹35 लाख
मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत चंदौली के धानापुर विकास खंड की प्रहलादपुर ग्राम पंचायत ने लगातार दूसरी बार जिले में प्रथम स्थान पाकर नया कीर्तिमान रचा है। पूरी रैंकिंग और पुरस्कार राशि का विवरण जानने के लिए पढ़ें।
प्रहलादपुर पंचायत जनपद में प्रथम
चकिया का सिकंदरपुर द्वितीय स्थान पर
धानापुर का मिर्जापुर तीसरे स्थान पर
वर्ष 2024-25 के मूल्यांकन पर चयन
उत्कृष्ट विकास कार्यों के लिए पुरस्कार
उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी "मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना" के अंतर्गत चंदौली जिले के धानापुर विकास खंड की प्रहलादपुर ग्राम पंचायत ने एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल की है। प्रहलादपुर ग्राम पंचायत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार पूरे जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पंचायत को उत्कृष्ट विकास कार्यों और पंचायत सशक्तिकरण के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए ₹35 लाख रुपये की प्रोत्साहन पुरस्कार राशि प्रदान की गई है।
ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह मिंटू के नेतृत्व में मिली सफलता
प्रहलादपुर ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह मिंटू के कुशल नेतृत्व में पंचायत द्वारा कराए गए चहुंमुखी विकास कार्यों, व्यापक स्वच्छता अभियान, जनसुविधाओं के अभूतपूर्व विस्तार और पारदर्शी कार्यप्रणाली को ही इस बड़ी सफलता का प्रमुख आधार माना जा रहा है। लगातार दूसरी बार प्रथम पुरस्कार मिलने से पूरे गांव और क्षेत्र में हर्ष व खुशी का माहौल व्याप्त है। स्थानीय ग्रामीणों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए बड़े गौरव की बात बताया है। आपको बता दें कि प्रहलादपुर ग्राम पंचायत इससे पहले भी केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं में उत्कृष्ट कार्यों के लिए कई प्रतिष्ठित पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्राप्त कर चुकी है।
वर्ष 2024-25 के मूल्यांकन के आधार पर हुआ चयन
जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, वर्ष 2024-25 के विकास कार्यों के कड़े मूल्यांकन के आधार पर ही जनपद की सर्वश्रेष्ठ पंचायतों का चयन किया गया है।

*जिले के जिला पंचायत राज अधिकारी जारी रैंकिंग*
*प्रथम स्थान:* धानापुर विकास खंड की प्रहलादपुर ग्राम पंचायत (पुरस्कार राशि: ₹35 लाख)
*द्वितीय स्थान:* चकिया विकास खंड की सिकंदरपुर ग्राम पंचायत (पुरस्कार राशि: ₹30 लाख)
*तृतीय स्थान:* धानापुर विकास खंड की मिर्जापुर ग्राम पंचायत, जिसके ग्राम प्रधान राजेश सिंह हैं (पुरस्कार राशि: ₹20 लाख)
*चतुर्थ स्थान:* सदर विकास खंड की मैढ़ी ग्राम पंचायत (पुरस्कार राशि: ₹15 लाख)
*पंचम स्थान:* सकलडीहा विकास खंड की धरहरा ग्राम पंचायत (पुरस्कार राशि: ₹10 लाख)
जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई, अन्य प्रधानों को सीख लेने की सलाह
इस बड़ी उपलब्धि पर क्षेत्र के जनपदों और प्रबुद्ध जनों ने खुशी जाहिर की है। सैयदराजा के विधायक सुशील सिंह ने बधाई देते हुए कहा, "प्रदेश सरकार सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले पंचायतों के ग्राम प्रधानों को सम्मानित करने का काम कर रही है। इससे प्रधानों के हौसले बढ़ते हैं और वह अपने पंचायत के विकास पर अपना सर्वोच्च योगदान देते हैं।"
वहीं, धानापुर के ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने गौरव व्यक्त करते हुए कहा कि जिले में उत्कृष्ट कार्यों की सूची में धानापुर ब्लॉक के दो-दो गांव (प्रहलादपुर और मिर्जापुर) शामिल हैं, जो पूरे ब्लॉक के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि लगातार दूसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रहलादपुर ग्राम पंचायत जिले में विकास, स्वच्छता और सुशासन का एक बेहतरीन उदाहरण बनकर उभरी है और इससे क्षेत्र के अन्य ग्राम प्रधानों को भी आगे बढ़ने की सीख लेनी चाहिए।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








