भाई-बहन के प्रेम का पर्व रक्षाबंधन आज, दोपहर 1:24 बजे तक रहेगा शुभ मुहूर्त
देशभर में मनाया जा रहा है रक्षाबंधन
आज पूरे उत्साह और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा त्योहार
इस समय तक जरूर बांध लें राखी
चंदौली जिले में सनातन धर्म के चार प्रमुख पर्वों में से एक रक्षाबंधन आज पूरे उत्साह और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। भाई-बहन के अटूट स्नेह और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक यह पर्व श्रावण पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है। इस वर्ष श्रावण पूर्णिमा का आरंभ 8 अगस्त शुक्रवार को दोपहर 1:42 बजे हुआ, जो 9 अगस्त शनिवार को दिन में 1:24 बजे तक रहेगा।

ज्योतिषाचार्य पं. ऋषि द्विवेदी के अनुसार, इस बार भद्रा का साया नहीं है, क्योंकि भद्रा 8 अगस्त की रात 1:32 बजे ही समाप्त हो चुकी है। हालांकि, सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक राहु काल रहेगा, जिसके दौरान शुभ कार्य टालना बेहतर माना जाता है। ऐसे में बहनें प्रातः 5:29 बजे से दोपहर 1:24 बजे तक राखी बांधें तो विशेष पुण्यफल प्राप्त होगा। 1:24 बजे के बाद भाद्रपद मास की प्रतिपदा तिथि शुरू हो जाएगी।
इस वर्ष रक्षाबंधन पर श्रवण नक्षत्र का संयोग पर्व की महत्ता को और बढ़ा रहा है। परंपरा के अनुसार, बहनें भाई को तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और रक्षा सूत्र बांधकर उनके दीर्घायु, सुख और सुरक्षा की कामना करती हैं। भाई भी बहन को उपहार देकर जीवन भर उसकी रक्षा का वचन देता है।

रक्षाबंधन केवल भाई-बहन का ही नहीं, बल्कि गुरु-शिष्य और यजमान-पुरोहित के रिश्तों को भी सुदृढ़ करता है। लोकाचार में ब्राह्मण अपने यजमानों को रक्षा कवच बांधते हैं। इसके साथ ही, आज ऋग्वेदी और यजुर्वेदी ब्राह्मणों का श्रावणी उपकर्म भी संपन्न होगा।
विशेष बात यह है कि 9 अगस्त को संस्कृत दिवस भी मनाया जाएगा, जिससे यह दिन सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से और अधिक महत्वपूर्ण बन गया है। मंदिरों, घरों और सामाजिक आयोजनों में आज भक्ति, आस्था और प्रेम का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






