स्थापना दिवस पर सपा को भाजपा ने दिया करारा झटका, एक दर्जन समर्थकों को साथ भाजपा में गए रमेश यादव

धानापुर कस्बे के हनुमान मंदिर प्रांगण में आयोजन
विधायक सुशील सिंह के सामने भाजपाई बने रमेश यादव
धानापुर के ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह का रहा खास रोल
बोले- किसलिए छोड़ रहे हैं समाजवादी पार्टी
चंदौली जिले में भारतीय जनता पार्टी के सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के 45वें स्थापना दिवस पर समाजवादी पार्टी को एक जबरदस्त झटका दिया है। समाजवादी पार्टी के जिला स्तर के पदाधिकारी को उसके एक दर्जन समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल करवा लिया है। इस मौके पर धानापुर के ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह भी मौजूद रहे।

स्थानीय प्रतिनिधि से मिली जानकारी में बताया जा रहा है कि धानापुर कस्बे के हनुमान मंदिर प्रांगण में रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष और क्षेत्र के कद्दावर नेता रमेश यादव बबलू अपने दर्जनों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। इस मौके पर उनका स्वागत भारतीय जनता पार्टी के सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने किया। पार्टी में इनको शामिल कराने में धानापुर के ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह की बड़ी भूमिका बताई जा रही है, जिनके प्रयास से रमेश यादव बबलू अपने दर्जनों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ समाजवादी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने और अब नई राजनीतिक पारी शुरू करने का फैसला किया है।

भाजपा में शामिल होने के बाद ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने स्वागत किया और कहा कि राष्ट्र निर्माण के प्रक्रिया में अन्य दलों से आने वाले ऐसे सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत है, जो भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और कार्यशैली से प्रभावित हैं।
इस मौके पर पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले रमेश यादव बबलू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान मिलता है और उसके छोटे से छोटे योगदान की भी कदर की जाती है। इसीलिए उन्होंने समाजवादी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी को अपनाया है। उन्होंने कहा कि अन्य राजनीतिक दलों में एक अलग तरह की परंपरा चलती है। वहां कुछ खास लोगों को ही सम्मान और स्थान दिया जाता है। इसी के चलते उन्होंने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का फैसला किया है।
रमेश यादव ने कहा कि उनके साथ समाजवादी पार्टी से इस्तीफा देने वालों में संजय यादव व पंकज यादव तथा एक दर्जन अन्य कार्यकर्ता है, जो सभी उनके साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले रहे हैं।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*