एक बार फिर से बबुरी इलाके में तबाही का मंजर, राणा सिंह ने की सिंचाई विभाग के अफसरों पर कार्रवाई की मांग
अपनी सरकार के अधिकारियों के खिलाफ खोला मोर्चा
सिंचाई विभाग की लापरवाही से किसानों को करोड़ों का नुकसान
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राणा सिंह ने जताया गुस्सा
सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की
चंदौली जनपद में भारी बारिश और बाँधों के पानी से उत्पन्न हुई बाढ़ जैसी स्थिति से हालात बदतर हो गए हैं। खेतों में जलभराव के कारण किसानों की हजारों एकड़ तैयार फसल बर्बाद हो चुकी है। इस गंभीर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए, भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व जिलाध्यक्ष राणा सिंह ने सीधे तौर पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सिंचाई विभाग की अनदेखी से किसानों को करोड़ों की क्षति
राणा सिंह ने कहा कि विभाग की अनदेखी और नदियों तथा जल निकासी के प्राकृतिक मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण किसानों को करोड़ों रुपये की क्षति हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि सिंचाई विभाग ने समय रहते जल निकासी की व्यवस्था और अतिक्रमण पर ध्यान दिया होता, तो आज किसानों को यह त्रासदी नहीं झेलनी पड़ती। खेतों में पानी भर जाने से धान समेत अन्य तैयार फसलें पूरी तरह से नष्ट हो चुकी हैं, जिससे किसानों की आजीविका पर संकट मंडरा रहा है।

बबुरी क्षेत्र में बदतर हालात, आपदा ग्रस्त घोषित करने की मांग
भाजपा नेता ने विशेष रूप से बबुरी क्षेत्र की स्थिति को बेहद चिंताजनक बताया। यहाँ बांधों का पानी कई गाँवों में घुस गया है, जिससे हजारों एकड़ में फैली फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी हैं। राणा सिंह ने कहा कि किसानों के सामने अब न तो कोई फसल बची है और न ही भविष्य का कोई सहारा। उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल चंदौली जिले को आपदा ग्रस्त घोषित करने की मांग की है, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द राहत और मुआवजा मिल सके।

राणा सिंह ने जल निकासी के प्राकृतिक मार्ग बाधित होने को भी इस जलभराव के लिए मुख्य कारण बताया, जिसके चलते बारिश का पानी खेतों और रिहायशी बस्तियों में घुस रहा है।
जनजीवन अस्त-व्यस्त, संपर्क मार्ग बंद
लगातार बारिश और भीषण जलभराव का असर आम जनजीवन पर भी पड़ा है। जिले का महत्वपूर्ण मुगलसराय-चकिया संपर्क मार्ग भी बंद हो चुका है, जिससे आम लोगों की आवाजाही ठप हो गई है। पूरे क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है और स्थानीय लोग प्रशासन की मदद की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

पूर्व जिलाध्यक्ष राणा सिंह ने जिला प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि स्थिति को सुधारने और पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा देने के लिए शीघ्र कोई कदम नहीं उठाया गया, तो क्षेत्र में जन आक्रोश बढ़ सकता है। उन्होंने तत्काल सर्वे कराने और किसानों को उचित मुआवजा देने की माँग दोहराई है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






