सहेपुर से बनारस के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू, मुख्यमंत्री ने दिवाली से पहले दे दिया तोहफा
चंदौली के उत्तरी छोर के गांव को वाराणसी से जोड़ने के लिए नई बस सेवा शुरू
दीपावली से पहले ग्रामीणों को मिला सरकार का तोहफा
अंबरीश सिंह भोला के प्रयास को गांव वालों ने सराहा
चंदौली जिले में दीपावली पर्व से ठीक पहले जिले के धानापुर विकासखंड के सहेपुर और आसपास के क्षेत्रवासियों को सोमवार सुबह एक बड़ी सौगात मिली। सहेपुर से चहनियां होते हुए सीधे वाराणसी को जोड़ने वाली नई बस सेवा की शुरुआत आज कर दी गई। इस नई बस सेवा को गांव के वरिष्ठ नागरिकों की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिससे पूरे गांव में उत्साह का माहौल बन गया।

यह बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों, कामकाजी लोगों और सामान्य यात्रियों को भारी राहत मिलेगी। अब गंगा किनारे के गांव सीधे वाराणसी से जुड़ जाएंगे, जिससे यात्रा करना बेहद आसान हो जाएगा। ग्रामीणों ने इस पहल को दीपावली का तोहफा बताते हुए उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

क्षेत्र के लोगों ने इस सेवा को शुरू कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अंबरीश सिंह भोला और परिवहन विभाग के अधिकारियों को भी धन्यवाद दिया। लोगों का कहना है कि यह बस सेवा चंदौली के ग्रामीण क्षेत्रों को बनारस जैसे प्रमुख शहर से जोड़कर क्षेत्रीय विकास को गति देगी। यह मांग काफी समय से लंबित थी, जिसे पूरा कर परिवहन विभाग ने लाखों यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित की है।

Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






