जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

एक साल में शूटर तक नहीं पकड़ पाये चंदौली बहादुर इंस्पेक्टर, सीओ और कप्तान, पूछने पर देते हैं गोल-गोल जवाब

चंदौली के मुगलसराय नगर में दवा कारोबारी रोहिताश पाल की हत्या को एक साल बीत गया है, लेकिन मुख्य शूटर अब भी फरार है। साजिशकर्ता जेल में हैं, पर परिजन न्याय की आस में भटक रहे हैं।   

 

रोहिताश पाल हत्याकांड को बीता एक साल, नहीं पकड़े गए हत्यारे   

पुलिस की पकड़ से अब भी दूर हैं हत्याकांड के असली शूटर   

केवल खुलासे के नाम पर 3 साजिशकर्ताओं को भेजा जा चुका है जेल   

58 करोड़ की जमीन विवाद में हत्या कराने का किया जा रहा है दावा   

पत्नी और भाई सीएम से लगा चुके हैं गुहार, लेकिन नतीजा शून्य   

 

चंदौली जिले के चर्चित दवा कारोबारी रोहिताश पाल हत्याकांड को पूरा एक साल बीत चुका है, लेकिन गोली मारने वाला मुख्य शूटर आज भी पुलिस की पकड़ से कोसों दूर है। पीड़ित परिवार के सदस्य आज भी इस एक सवाल का जवाब मांग रहे हैं कि जब पुलिस ने हत्या की साजिश रचने वालों को गिरफ्तार कर लिया, तो फिर मौके पर गोली चलाने वाला शूटर सालभर बाद भी क्यों नहीं पकड़ा गया? शूटर की गिरफ्तारी न होने से परिजनों और स्थानीय व्यापारियों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है।   

rohitash-pal-murder-case-shooter-absconding-after-year


18 नवंबर 2025 की रात दुकान पर मारी गई थी गोली
गौरतलब है कि बीते 18 नवंबर 2025 की रात करीब 10 बजे मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के धर्मशाला रोड स्थित दवा की दुकान पर रोहिताश पाल की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद व्यापारियों और आम लोगों का गुस्सा फूट पड़ा था, जिसके चलते बाजार बंद कर जोरदार प्रदर्शन किया गया। भारी दबाव के बीच पुलिस ने संपत्ति विवाद को हत्या की मुख्य वजह बताते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।   

rohitash-pal-murder-case-shooter-absconding-after-year


58 करोड़ की जमीन का विवाद और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल
पुलिस जांच में हत्या की वजह कन्हैया टॉकीज की 29 बिस्वा जमीन का विवाद सामने आया था, जिसकी कीमत पुलिस के अनुसार करीब 58 करोड़ रुपये आंकी गई थी। इसी जमीन पर कब्जे की साजिश रचने के आरोप में पुलिस ने भानू जायसवाल, ओमप्रकाश जायसवाल और मनोज जायसवाल को गिरफ्तार किया था। हालांकि, नगर के लोगों और परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने गुस्सा शांत करने के लिए जल्दबाजी में कार्रवाई तो दिखाई, लेकिन असली शूटर तक नहीं पहुंच सकी। तत्कालीन एसपी आदित्य लांग्हे द्वारा सात टीमें लगाने और एसटीएफ की मदद लेने के बावजूद शूटर का सुराग न लगना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।   



सीएम से गुहार के बाद भी न्याय का इंतजार कर रहा परिवार
पीड़ित परिवार का साफ कहना है कि जब तक शूटर की पहचान और गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक यह केस अधूरा है और उन्हें पूरा न्याय नहीं मिलेगा। परिजनों को यह डर भी सता रहा है कि आरोपी बाहर आकर उन्हें फिर से नुकसान पहुंचा सकते हैं। दिवंगत व्यापारी की पत्नी काजल और भाई सिद्धार्थ लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री से भी मिलकर न्याय की गुहार लगा चुके हैं। भाई सिद्धार्थ का कहना है कि प्रशासन की तरफ से उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला है, जबकि जांच अब पूरी तरह ठंडी पड़ गई है।   

इस मामले में जब भी कोतवाल, सीओ या अन्य वरिष्ठ अफसरों से बात की जाती है तो मामले में गोलमटोल जवाब देकर टरकाने की कोशिश करते हैं। पुलिस या तो असली शूटरों का नाम पता नहीं कर पायी है या फिर पूरा खुलासा मनगढ़ंत और केवल आपसी विवाद को मोहरा बनाने वाला बताया जाता है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*