सैयदराजा के 62 घाटों पर विधायक सुशील सिंह की पत्नी समेत 2000 महिलाओं ने दिया पहला अर्घ्य, कल्याणपुर अमृत सरोवर पर उमड़ा आस्था का सैलाब
सैयदराजा के 62 स्थलों पर छठ पूजा
2000 महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया
विधायक सुशील सिंह के परिवार ने रखा व्रत
नवजीवन समिति ने लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
सुरक्षा के लिए 100 पुलिसकर्मी और गोताखोर तैनात
चंदौली जिले की सैयदराजा विधानसभा इलाके में लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर रविवार को सैयदराजा नगर पंचायत और कल्याणपुर ग्राम सभा सहित पूरे सैयदराजा थाना क्षेत्र के कुल 62 स्थलों पर जबरदस्त धूम देखने को मिली। इस पावन मौके पर व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी यानी डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। शाम होते ही सभी छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सूर्यदेव को पहला अर्घ्य देने के बाद अधिकांश व्रती महिलाएं अपने-अपने घरों की ओर रवाना हो गईं, जबकि कई महिलाओं ने पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार घाटों पर ही रात्रि विश्राम करने का निर्णय लिया।
विधायक सुशील सिंह के परिवार और चेयरमैन ने भी की पूजा
नगर पंचायत सैयदराजा के विभिन्न घाटों पर लगभग 2000 महिलाओं ने कठिन छठ व्रत रखकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान सैयदराजा के विधायक सुशील सिंह के परिवार के सदस्यों ने भी पूरी श्रद्धा के साथ छठ महापर्व मनाया। विधायक की पत्नी किरण सिंह, उनके छोटे भाई सुरजीत सिंह उर्फ डॉक्टर की पत्नी और उनकी बहन ने छठ व्रत रखकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। इस पारिवारिक पूजा में विधायक की वृद्ध माताजी सहित पूरा परिवार शामिल हुआ। वहीं दूसरी ओर, नगर पंचायत अध्यक्ष आभा जायसवाल ने भी बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर अपने परिवार और नगर की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।

नवजीवन समिति ने लगाया स्वास्थ्य शिविर, सीएमओ ने किया शुभारंभ
छठ महापर्व पर समाजसेवी संस्थाओं की ओर से श्रद्धालुओं की सेवा और सुविधा के लिए जगह-जगह सेवा शिविर और आस्था के पंडाल लगाए गए थे। इसी क्रम में नवजीवन समिति की ओर से एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसका विधिवत शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. पारितोष मिश्रा ने किया। श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत इलाज मिल सके, इसके लिए शिविर में सैयदराजा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के एक चिकित्सक, एक फार्मासिस्ट और एक वार्ड बॉय की विशेष तैनाती की गई थी।

सुरक्षा के लिए 100 पुलिसकर्मी और 8 गोताखोर रहे मुस्तैद
घाटों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के बेहद पुख्ता इंतजाम किए थे। सैयदराजा पुलिस की ओर से अलग-अलग पूजा स्थलों पर लगभग 100 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसके साथ ही पानी में किसी भी तरह की अनहोनी को रोकने के लिए आठ कुशल गोताखोरों को भी विभिन्न घाटों पर तैनात किया गया था। व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और क्षेत्राधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी लगातार विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहे।

कल्याणपुर अमृत सरोवर पर उमड़ी भीड़, हाईमास्ट लाइट की घोषणा
उधर, कल्याणपुर ग्राम सभा स्थित अमृत सरोवर पर ग्राम प्रधान गौतम तिवारी की ओर से हर साल की तरह इस वर्ष भी भव्य छठ पूजा का आयोजन किया गया। यहां 100 से अधिक महिलाओं ने अमृत सरोवर में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस मौके पर श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए विधायक सुशील सिंह के प्रतिनिधि मनोज सिंह ने अगले वर्ष तक घाट के चारों ओर पक्का निर्माण कराने और शंकर जी के मंदिर के पास हाईमास्ट लाइट लगवाने की घोषणा की।

विधायक प्रतिनिधि और ग्राम प्रधान ने व्रती महिलाओं को नारियल व अगरबत्ती भी वितरित की और सभी से आपसी सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। सुरक्षा की दृष्टि से कल्याणपुर मानसरोवर पर उप निरीक्षक गोपाल तिवारी, हेड कांस्टेबल गया प्रसाद, कांस्टेबल अमित ठाकुर और सुरक्षा गार्ड फूलचंद यादव तैनात रहे, जबकि नगर क्षेत्र में प्रभारी निरीक्षक अशोक मिश्रा अपनी टीम के साथ लगातार गश्त करते रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







