जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

दिवाली से पहले बड़ी खुशखबरी, सकलडीहा में 837 गरीबों को मिलेगा PM आवास का तोहफा

चंदौली के सकलडीहा ब्लॉक के 837 गरीब परिवारों के लिए इस बार की दिवाली बेहद खास होने वाली है। प्रशासन त्योहार से पहले पात्र लाभार्थियों के खातों में पीएम आवास की पहली किस्त भेजने की जोर-शोर से तैयारी कर रहा है।
 

दिवाली से पहले मिलेगा पीएम आवास

सकलडीहा के 837 लाभार्थियों को तोहफा

बीडीओ ने सचिवों को दिए निर्देश

पात्रों का डेटा मोबाइल नंबर संग तैयार

सबसे गरीब लोगों को मिलेगी प्राथमिकता

चंदौली जिले के सकलडीहा विकास खंड के गरीब परिवारों के लिए इस बार की दिवाली खुशियों से भरी होने वाली है। त्योहार से पहले क्षेत्र के 837 पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएम आवास) का लाभ दिया जाएगा। खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) विजय कुमार सिंह ने योजना का लक्ष्य समय से पूरा करने के लिए पात्र लाभार्थियों की सूची जल्द से जल्द तैयार करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

सचिवों को पूरी जानकारी के साथ सूची बनाने के निर्देश
बीडीओ ने ब्लॉक के सभी पंचायत सचिवों को हिदायत दी है कि वे लाभार्थियों के मोबाइल नंबर सहित पूरा डेटा तैयार करें। उन्होंने अधिकारियों से साफ कहा कि इस प्रक्रिया में सबसे गरीब और जरूरतमंद लोगों को प्राथमिकता के आधार पर चुना जाए। सकलडीहा विकास खंड में कुल 4 हजार से अधिक पीएम आवास और 166 मुख्यमंत्री आवास के लिए सूची बनाई गई है। इनमें से पहले चरण के तहत 104 गांवों के 837 लाभार्थियों को दिवाली से पहले पहली किस्त भेज दी जाएगी।

देश भर में 3 करोड़ नए घर बनाने का है लक्ष्य
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) भारत सरकार की एक बेहद महत्वपूर्ण योजना है। इसका मुख्य उद्देश्य देश के गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को सम्मानजनक, पक्का और किफायती मकान देना है। 25 जून 2015 को शुरू हुई इस योजना के दायरे को अब और बढ़ा दिया गया है। PMAY 2.0 के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 से 2028-29 तक देश में 3 करोड़ नए घर बनाने का बड़ा लक्ष्य रखा गया है।

बैठक में कई प्रमुख अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
योजना की समीक्षा और तैयारियों के दौरान ब्लॉक मुख्यालय पर कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर वरिष्ठ सहायक पटल अधिकारी विजय शंकर, राम सिंह, पवन दूबे, संजय यादव, शशिकांत, टीएन सिंह, विद्या देवी, अरविंद गौतम, अमित यादव, रजनीश यादव और प्रिया मौर्या सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी को समय से काम पूरा करने की जिम्मेदारी दी गई है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*