जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

बारिश का कहर देखकर लौट रहे थे SDM साहब, गरीब महिला ने हाथ देकर रोकी गाड़ी

गरीब महिला की इस मार्मिक पुकार को सुनकर SDM अनुपम मिश्रा तुरंत अपनी गाड़ी से उतरे और बिना किसी देरी के महिला के साथ उसके टूटे हुए घर तक पहुँचे।
 

चंदौली जिले में दो दिनों से भारी बारिश का असर

SDM ने सड़क पर गाड़ी रोककर सुनी गरीब महिला की पुकार

गिरे हुए घर का किया निरीक्षण

तत्काल मदद के लिए संबंधित लोगों को दिया

चंदौली ज़िले में पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के उप जिलाधिकारी (SDM) अनुपम मिश्रा ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक गरीब महिला की बड़ी समस्या का तुरंत संज्ञान लिया। लगातार हो रही बारिश से हुए नुकसान का निरीक्षण कर लौट रहे SDM साहब की गाड़ी को एक पीड़ित महिला ने बीच सड़क पर रोक दिया, जिसके बाद SDM ने बिना देर किए न सिर्फ़ उसकी पुकार सुनी, बल्कि तत्काल उसके गिरे हुए घर का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को ज़रूरी निर्देश दिए।

यह घटना नियामताबाद ब्लॉक के हथेड़ा गांव की है। SDM अनुपम मिश्रा जब बारिश से हुए नुकसान का जायज़ा लेकर वापस लौट रहे थे, तभी गांव की एक महिला ने बड़ी उम्मीद से उनकी सरकारी गाड़ी के सामने आकर उसे रोक दिया। व्याकुल स्वर में महिला ने SDM साहब से गुहार लगाई, "साहब, घर गिर गया है। मैं बड़ी परेशान हूं, मेरा कोई सहारा नहीं है।"

SDM Anupam Mishra

गरीब महिला की इस मार्मिक पुकार को सुनकर SDM अनुपम मिश्रा तुरंत अपनी गाड़ी से उतरे और बिना किसी देरी के महिला के साथ उसके टूटे हुए घर तक पहुँचे। उन्होंने न केवल महिला की समस्या को गंभीरता से सुना, बल्कि मौके पर ही मौजूद संबंधित अधिकारियों और लेखपाल को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए।

SDM की इस त्वरित कार्रवाई से महिला की आंखों में उम्मीद की किरण जगी है कि गरीबी में उसे प्रशासन से मदद ज़रूर मिलेगी। स्थानीय लोगों को भी भरोसा है कि प्रशासन की इस तत्परता के चलते महिला को जल्द ही प्रधानमंत्री आवास योजना या किसी अन्य सरकारी योजना के तहत लाभ मिल पाएगा।

इस मामले में उप ज़िलाधिकारी अनुपम मिश्रा ने बताया कि महिला द्वारा गाड़ी रोके जाने के बाद उन्होंने तत्काल उसके गिरे हुए कच्चे घर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि गरीब पीड़ित महिला को तत्काल मुआवज़ा और आवास दिलाने के लिए संबंधित लोगों से बात की गई है।

SDM मिश्रा ने क्षेत्र के अन्य निवासियों से भी अपील की है कि बारिश से जिन लोगों का भी नुकसान हुआ है, वे तहसील में आकर उनसे मिलें। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ितों की समस्याओं का नियमानुसार तत्काल निस्तारण किया जाएगा।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*