बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान हंगामा, SDM ने दी सख्त चेतावनी
सकलडीहा बाजार में अतिक्रमण पर प्रशासन की कार्रवाई
पैमाइश के दौरान व्यापारियों ने किया विरोध
प्रशासन और व्यापारियों के बीच तीखी नोकझोंक
मौके पर पहुंचे SDM कुंदन राज कपूर
सरकारी कार्य में बाधा डालने पर चेतावनी
चंदौली जनपद के सकलडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बा बाजार में शनिवार को उस समय तनाव का माहौल बन गया जब प्रशासन द्वारा अतिक्रमण की पैमाइश के दौरान व्यापारी नेताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर व्यापारियों और प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाजार में लंबे समय से सड़क पर अवैध कब्जा कर दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है, जिससे आये दिन जाम की स्थिति बन जाती है। राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को इस समस्या का सामना करना पड़ता है। प्रशासन ने जब अतिक्रमित भूमि की पैमाइश शुरू कराई, तो कुछ व्यापारी नेताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया और कार्रवाई को रोकने की मांग की।

विरोध की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी सकलडीहा कुंदन राज कपूर मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने व्यापारियों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी ने सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जेल भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह कार्रवाई जनहित में की जा रही है, ताकि बाजार में यातायात सुगम हो सके और आम जनता को राहत मिल सके।

SDM ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिक्रमणकारियों को पहले नोटिस देकर चेतावनी दी जाए और निर्धारित समय के भीतर अतिक्रमण स्वतः न हटाए जाने पर बलपूर्वक कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी बताया कि यह अभियान आगामी दिनों में और तेज किया जाएगा।
प्रशासन की इस सख्ती के बाद बाजार में हलचल तेज हो गई है। इस संबंध में उप जिलाधिकारी सकलडीहाकुंदन राज कपूर ने बताया कि बाजार में व्यापारियों द्वारा आक्रमण किया गया है जिसे चिन्हित करके नोटिस के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







