जिला मुख्यालय पर देख सकते हैं सेवा पर्व प्रदर्शनी, जनकल्याणकारी योजनाओं की मिलेगी झलक
सेवा पर्व प्रदर्शनी में दिखी विकसित उत्तर प्रदेश की झलक
योजनाओं की जानकारी ने खींचा जनमानस
भाजपा नेताओं के साथ अधिकारियों ने किया शुभारंभ
चंदौली कृषि विज्ञान केंद्र में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा आयोजित सेवा पर्व प्रदर्शनी जनपदवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। 18 सितंबर से शुरू हुई यह प्रदर्शनी आगामी 2 अक्तूबर तक चलेगी, जिसमें राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी रोचक और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत की जा रही है।

प्रदर्शनी का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह और विधायक पीडीडीयू के प्रतिनिधि संजय कन्नौजिया ने किया। उद्घाटन के साथ ही प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, महिला सशक्तीकरण, स्टार्टअप एवं स्वरोजगार जैसी योजनाओं की जानकारी देने वाले पोस्टर और डिजिटल माध्यमों ने लोगों का ध्यान खींचा।

अपर जिला सूचना अधिकारी कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को योजनाओं से जोड़ना और उन्हें सेवा कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में विद्यार्थियों, युवाओं, किसानों और महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से देखी जा रही है। यहां हर कॉर्नर पर योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, जिससे आगंतुक न केवल जागरूक हो रहे हैं, बल्कि विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपने सुझाव भी दे रहे हैं।

“समर्थ उत्तर प्रदेश – विकसित उत्तर प्रदेश @2047” अभियान के अंतर्गत आगंतुकों ने ऑनलाइन पोर्टल पर अपने सुझाव दर्ज किए। प्रदर्शनी स्थल पर लगे होल्डिंग्स और सेल्फी प्वाइंट्स ने युवाओं को सोशल मीडिया पर जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। बड़ी संख्या में लोग अपनी तस्वीरें साझा कर अभियान को समर्थन दे रहे हैं।

यह प्रदर्शनी न केवल योजनाओं की जानकारी देने का माध्यम बनी है, बल्कि यह प्रदेश के विकास की दिशा में जनभागीदारी को भी प्रोत्साहित कर रही है। आने वाले दिनों में यह प्रदर्शनी जनहित में और भी उपयोगी सिद्ध होगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








