जुआ और तस्करी में लिप्त हेड कांस्टेबल पर गिरी गाज, सैयदराजा में दरोगा भी निलंबित; चार्ज लेते ही नए कप्तान ने दिखाए सख्त तेवर
नवागत एसपी आकाश पटेल की बड़ी कार्रवाई
हेड कांस्टेबल संतोष यादव हुए निलंबित
दरोगा रामप्यारे चौधरी पर गिरी गाज
गौ-तस्करी और जुए में मिलीभगत पर एक्शन
6 पुलिसकर्मियों के विरुद्ध जांच के आदेश
चंदौली जनपद में 2019 बैच के युवा आईपीएस आकाश पटेल ने 31 मार्च 2026 को पदभार ग्रहण किया और महज 24 घंटे के भीतर ही अपने इरादे साफ कर दिए हैं। जिले की कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के साथ-साथ विभाग के भीतर छिपे 'विभीषणों' पर उन्होंने कड़ा प्रहार किया है। नवागत एसपी ने ड्यूटी में लापरवाही और अवैध गतिविधियों में संलिप्तता पाए जाने पर एक दरोगा और एक हेड कांस्टेबल को निलंबित कर पूरे महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
दुलहीपुर और सैयदराजा में गिरी गाज
एसपी आकाश पटेल की पहली बड़ी कार्रवाई दुलहीपुर चौकी पर हुई, जहाँ तैनात हेड कांस्टेबल संतोष यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जांच में सामने आया कि संतोष यादव जुआ और तस्करी जैसे अवैध धंधों में लिप्त था। वहीं, सैयदराजा थाने में तैनात दरोगा रामप्यारे चौधरी पर भी निलंबन की गाज गिरी है। रामप्यारे पर हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी में ढिलाई बरतने और महत्वपूर्ण सूचनाएं उच्चाधिकारियों को न देने का गंभीर आरोप है। साथ ही, हाईवे पेट्रोलिंग के दौरान गौ-तस्करी के मामलों में उनकी लापरवाही भी उजागर हुई है।
6 पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच के आदेश
कार्रवाई यहीं नहीं रुकी; एसपी ने भ्रष्टाचार और कार्य में शिथिलता के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए टीएसआई उमाशंकर यादव और मनोज कुमार सिंह समेत कुल 6 पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। इन पुलिसकर्मियों पर भी विभिन्न मामलों में संदिग्ध भूमिका और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने का संदेह है। जांच रिपोर्ट आने के बाद इन पर भी बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
'कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं'
पदभार ग्रहण करते ही कड़े तेवर दिखाते हुए एसपी आकाश पटेल ने स्पष्ट शब्दों में कहा, "जिले की कानून व्यवस्था मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। वर्दी की आड़ में अपराध को संरक्षण देने वालों या अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने वालों के लिए इस जिले में कोई जगह नहीं है। जो भी अनुशासनहीनता करेगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।"
जनता में बढ़ी उम्मीदें, महकमे में हड़कंप
नवागत एसपी की इस बिजली जैसी फुर्तीली कार्रवाई ने जहाँ स्थानीय जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को बढ़ाया है, वहीं जिले के सभी थानों और चौकियों पर तैनात पुलिसकर्मियों के पसीने छूट रहे हैं। निवर्तमान एसपी आदित्य लांग्हे द्वारा स्थापित किए गए 'जीरो टॉलरेंस' के मॉडल को आकाश पटेल ने पहले ही दिन से और अधिक आक्रामक तरीके से लागू करने के संकेत दे दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक चंदौली ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि “जनपद में कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जो भी अधिकारी या कर्मचारी अपने दायित्वों के प्रति गंभीर नहीं है, उसके विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”
जनपद में पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह, सक्रिय और परिणामोन्मुख बनाने के लिए किसी भी स्तर पर ढिलाई को स्थान नहीं दिया जाएगा एवं कठोर कार्यवाही भविष्य में भी होंगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







