गर्मी के दिनों में कुत्तों से रहिए सावधान : खूंखार होने लगे हैं सड़कों के कुत्ते, कई लोगों को बना रहे शिकार

बरहनी ब्लॉक की PHC पर पहले से अधिक आ रहे हैं मरीज
45 दिनों में 445 लोगों को कुत्तों ने काटा
बरहनी PHC पर हर रोज पहुंच रहे कुत्तों के काटने से जख्मी 10 से अधिक लोग
चंदौली जिले में भीषण पड़ रही गर्मी में सड़कों पर घूमने वाले कुत्ते खूंखार होने लगे हैं। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बीते 45 दिनों (एक मार्च से 25 अप्रैल तक) 445 लोगों पर कुत्ते लोगों पर हमला कर काट चुके हैं।
बरहनी पीएचसी में प्रतिदिन कुत्तों के काटने से जख्मी हुए 10 लोग पहुंच रहे हैं। इन लोगों को एंटी रेबीज वैक्सीन दी जा रही है। क्षेत्र में भीषण गर्मी पड़ रही है। तापमान बढ़ने से कुत्ते गुस्सैल हो रहे हैं। वे लगातार लोगों पर आक्रमण कर उन्हें अपना शिकार बना रहे हैं। बीते 45 दिनों में 445 लोग कुत्तों के काटने के बाद एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने पीएचसी बरहनी पहुंचे। शुक्रवार को भी 13 लोग कुत्ते के काटने के बाद वैक्सीन लगवाने अस्पताल पहुंचे।
इस सम्बंध में अमड़ा पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार सिंह का कहना हैं कि कुत्तों को भीषण गर्मी में भी पसीना नहीं आता है। इसलिए वे पानी और गीली मिट्टी में बैठते हैं और मुंह खोलकर हवा से अपना शरीर ठंडा रखने का प्रयास करते हैं। गर्मी में सड़कों पर घूमने वाले कुत्ते ऐसा स्थान ढूंढ़ते हैं जहां उन्हें राहत मिल सके। भगाने या छेड़ने पर वे उग्र होकर लोगों पर हमला कर दे रहे हैं। उनका कहना हैं कि कुत्तों को छेड़ें नहीं और उनके लिए पर्याप्त पानी की व्यवस्था भी कर दें।
वही पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एमके सिंह ने बताया कि गर्मी में कई बार कुत्ते आक्रामक हो जाते हैं। इनमें भी घरेलू पालतू कुत्ते ही अधिक काटते हैं। संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए कुत्तों का वैक्सीनेशन किया जा रहा है। लोगों से भी अपेक्षा है कि वे कुत्तों को परेशान न करें। यदि कोई कुत्ता बार-बार हमला कर रहा है तो उसकी जानकारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को दें।
वही बरहनी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश कुमार सिंह ने बताया कि गर्मी में कुत्तों के काटने से बढ़ रही मरीजों की संख्या को देखते हुए पीएचसी में एंटी रेबीज वैक्सीन लगाने की व्यवस्था 24 घंटे उपलब्ध है। दोपहर दो बजे तक वैक्सीन खिड़की पर पंजीकरण के साथ वैक्सीन लगाई जा रही है। वहीं दूसरे पहर में इमरजेंसी विभाग में वैक्सीन लगाने की सुविधा है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*