जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

स्वामी प्रसाद मौर्य कर रहे हैं 2027 में अपनी सरकार बनाने की तैयारी, सपा को बता रहे कंफ्यूज पार्टी ​​​​​​​

अपनी भविष्य की रणनीति के बारे में बताते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2027 के चुनाव में भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंका जाएगा और 'लोक मोर्चा' की सरकार बनेगी।
 

सपा मुखिया अखिलेश यादव हैं कंफ्यूज

सपा का PDA फार्मूला है पूरी तरह का छलावा

जानिए कैसे भाजपा को उखाड़ कर 2027 में स्वामी प्रसाद मौर्य बनाएंगे सरकार

अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने चंदौली में अपनी 'जनता पार्टी यात्रा' के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) दोनों पर जमकर निशाना साधा। मुगलसराय के चकिया तिराहे पर गंजी प्रसाद की मूर्ति पर माल्यार्पण के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है, जबकि 2027 के विधानसभा चुनाव में उनका 'लोक मोर्चा' गठबंधन सरकार बनाएगा।

सपा और भाजपा पर समान प्रहार
मौर्य ने भाजपा और सपा दोनों के शासनकाल को एक जैसा बताया। उन्होंने कहा कि "सपा के शासनकाल में मारपीट, गुंडागर्दी और जमीन पर कब्जा होता था, वही काम अब भाजपा सरकार में हो रहा है।" उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि उन्होंने 80 करोड़ जनता को 5-10 किलो राशन देकर कटोरा थमा दिया है। मौर्य ने कहा कि यह सरकार गरीबों और आम जनता की समस्याओं को सुलझाने में नाकाम रही है।

अखिलेश का 'पीडीए' सिर्फ छलावा
स्वामी प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने अखिलेश के 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को 'छलावा' बताते हुए कहा कि जिस पार्टी का मुखिया ही भ्रमित हो, वह अपने कार्यकर्ताओं का क्या मार्गदर्शन करेगा। मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव पीडीए के अक्षरों का अर्थ अलग-अलग बताते हैं, जैसे P का अर्थ कभी 'पंडित' तो कभी 'पिछड़ा', D का अर्थ 'दलित' तो कभी 'डिंपल', और A का अर्थ 'आदिवासी' तो कभी 'अगड़ा' बताते हैं। उन्होंने कहा कि यह दर्शाता है कि यह केवल एक दिखावा है, जिससे जनता को गुमराह किया जा रहा है।

2027 में 'लोक मोर्चा' की सरकार
अपनी भविष्य की रणनीति के बारे में बताते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2027 के चुनाव में भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंका जाएगा और 'लोक मोर्चा' की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि उनका 10 पार्टियों का गठबंधन है और लोकतंत्र में जनता सबसे ताकतवर होती है। मौर्य ने यह भी बताया कि यह उनकी 'जनता पार्टी यात्रा' का छठा चरण है। वे अब तक 22 जिलों का दौरा कर चुके हैं और नवंबर तक पूरे प्रदेश का भ्रमण कर लोगों को जागरूक करेंगे। उनका दावा है कि इस यात्रा से जनता में जागरूकता आएगी और 2027 में लोक मोर्चा को बहुमत मिलेगा, जिससे राज्य में असली बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी और गठबंधन गरीबों, पिछड़ों, दलितों और शोषितों के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं और यही लड़ाई 2027 में उन्हें सत्ता तक पहुंचाएगी।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*