मछुआरों के आंदोलन के आगे झुकी सरकार, गंगा में मछली पकड़ने का टेंडर रद्द
राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू के नेतृत्व में आंदोलन
गंगा नदी में मछली पकड़ने के लिए जारी किए गए टेंडर का आदेश रद्द
मछुआरा समाज खुशी से झूमा और मिठाइयां बांटी
चंदौली जिले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू के नेतृत्व में हुए मछुआरा समाज के विरोध के बाद, सरकार और मत्स्य विभाग ने आखिरकार अपना फैसला वापस ले लिया है। भारी जन विरोध को देखते हुए, मत्स्य विभाग ने गंगा नदी में मछली पकड़ने के लिए जारी किए गए टेंडर को रद्द करने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। मंगलवार को वाराणसी के सहायक मत्स्य निदेशक ने एक वीडियो जारी कर इस फैसले की जानकारी दी, जिसके बाद मछुआरा समाज में खुशी की लहर दौड़ गई।
मछुआरों ने इस फैसले को अपनी एकजुटता और सपा नेता मनोज सिंह डब्लू के कुशल नेतृत्व की जीत बताया। उन्होंने सपा नेता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही उनकी आजीविका पर आया संकट टल सका है।

जानिए क्या था पूरा मामला
दरअसल, मत्स्य विभाग ने शासन के आदेश पर चंदौली जनपद में कैली से लेकर महुजी तक गंगा नदी में मछली पकड़ने के लिए टेंडर जारी किया था। टेंडर के अनुसार, गंगा नदी में हर पाँच किलोमीटर पर मछली पकड़ने का ठेका दिया जाना था। जैसे ही इस टेंडर की खबर मछुआरा समाज तक पहुँची, उनमें हड़कंप मच गया। उन्हें लगा कि यह फैसला उनकी सदियों पुरानी आजीविका को खत्म कर देगा।
मछुआरों ने अपनी आजीविका बचाने के लिए अधिकारियों, नेताओं और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई। इसी दौरान, उन्होंने सपा नेता मनोज सिंह डब्लू से भी मुलाकात की और अपनी समस्या बताई। मछुआरा समाज के अस्तित्व पर आए इस संकट को देखते हुए, मनोज सिंह डब्लू ने तुरंत कार्रवाई करने का फैसला किया।

मनोज सिंह डब्लू की नाव यात्रा ने दिखाया असर
सपा नेता मनोज सिंह डब्लू ने 1 सितंबर को नरौली गंगा घाट से महुजी तक एक नाव यात्रा निकाली। इस यात्रा के दौरान, उन्होंने गंगा किनारे बसे मछुआरा समाज के गाँवों और मोहल्लों का दौरा किया। उन्होंने लोगों से मिलकर उन्हें एकजुट होकर संघर्ष करने के लिए प्रेरित किया। उनकी यह यात्रा इतनी सफल रही कि महुजी पहुँचते-पहुँचते एक बड़ा जन समूह सरकार और मत्स्य मंत्री संजय निषाद से सवाल करने के लिए तैयार हो गया।
जनता के बढ़ते आक्रोश को भाँपते हुए, सरकार और मत्स्य विभाग ने तत्काल अपने फैसले पर पुनर्विचार किया। सहायक मत्स्य निदेशक द्वारा जारी किए गए वीडियो में गंगा में मछली पकड़ने के टेंडर पर रोक लगाए जाने की पुष्टि की गई। जैसे ही यह खबर मछुआरा समाज तक पहुँची, वे खुशी से झूम उठे। उन्होंने एक-दूसरे का मुंह मीठा कर अपनी जीत का जश्न मनाया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







