बिजली का लोड बढ़ने पर जलने लगे हैं ट्रांसफॉर्मर, कैसे ठीक करेगी बिजली विभाग

लोड बढ़ने से 3 ट्रांसफॉर्मर में लगी आग
तीन हजार घरों की बिजली 12 घंटे के लिए गुल
चंदासी उपकेंद्र के तीन फीडरों से जुड़े घरों के लोगों की रात की नीद हुई खराब
चंदौली जिले में अप्रैल में ही गर्मी ने तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। उधर, गर्मी में लोड बढ़ने और हीट होने से कई स्थानों पर ट्रांसफॉर्मर में अचानक आग लग गई। ट्रांसफॉर्मर धू-धू कर जलने लगे। केबल जलने के कारण पूरी रात बिजली आपूर्ति ठप रही। अब यह नजारा और जगहों पर अक्सर दिखायी देगा।

मंगलवार की सुबह से लेकर देर शाम तक विद्युत निगम के अधिकारी व कर्मचारी गड़बड़ियां दूर करने में लगे रहे। ट्रांसफॉर्मर जलने के कारण तीन हजार उपभोक्ताओं के घरों की बिजली 12 घंटे से ज्यादा समय तक गुल रही। गर्मी शुरू होने से पहले विद्युत निगम के अधिकारी जर्जर तार व खंभों को बदलने और ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाने के साथ नए ट्रांसफॉर्मर लगाने - की बात कह रहे थे। उनका दावा था कि इस बार गर्मी में लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाएगी, लेकिन गर्मी की शुरुआत में ही उनके दावों की पोल खुलने लगी है।

चंदासी उपकेंद्र से जुड़े फीडर संख्या दो के पटेल नगर में सोमवार की रात 12 बजे के करीब 400 केवी के ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई। देखते - ही देखते सड़क के किनारे रखा ट्रांसफॉर्मर आग की लपटों से घिर गया। आग लगने के दौरान ट्रांसफॉर्मर से निकल रही तेज आवाज से सो रहे लोगों की नीद खुल गई। घरों से बाहर लोगों ने ट्रांसफॉर्मर - जलते देखा तो विद्युत निगम को इसकी सूचना दी। सूचना पर पहुंचे विद्युत निगम के कर्मियों ने आपूर्ति बंद कराकर अग्निशमन विभाग को ट्रांसफॉर्मर जलने की जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने ट्रांसफॉर्मर में लगी आग बुझाई।
मोहल्ले के लोगों का आरोप था कि कई दिन से ट्रांसफॉर्मर से तेल का रिसाव हो रहा था। इसकी जानकारी विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को दी गई, लेकिन मरम्मत कार्य नहीं किया गया। मरम्मत नहीं होने के कारण ट्रांसफॉर्मर जल गया। ट्रांसफॉर्मर जलने के कारण 500 से ज्यादा घरों की बिजली गुल रही। इसके अलावा फीडर संख्या एक व चार में भी केबल जल जाने व अन्य गड़बड़ी के कारण पूरी रात बिजली गुल रही। इससे नगर के करीब ढाई हजार उपभोक्ताओं के घरों की बिजली गुल रही।
आधे गांव की बिजली आपूर्ति ठप
कंजेहरा गांव में लगा 100 केवीए का ट्रांसफॉर्मर मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे को धू-धू कर जलने लगा। ट्रांसफॉर्मर जलते देख आसपास के लोग सहम गए। इससे आधे से ज्यादा गांव की बिजली गुल हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर से सोमवार की रात से ही तेल का रिसाव हो रहा था। मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे अचानक ट्रांसफॉर्मर तेज आवाज के साथ जल उठा। गांव के लोगों ने उपकेंद्र पर सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई। ट्रांसफॉर्मर जलने के बाद अब बिजली नहीं आने के कारण ग्रामीण गर्मी से परेशान हैं।
ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए ट्रांसफॉर्मर बदले जाने की मांग की है। इस संबंध में अमड़ा उपकेंद्र के अवर अभियंता इंद्रजीत सिंह का कहना है कि ट्रांसफॉर्मर में आग लगने की सूचना ग्रामीणों ने दी है। ट्रांसफॉर्मर बदलने की प्रक्रिया की जा रही है।
धू-धू कर जला 100 केवी का ट्रांसफॉर्मर
सरेसर गांव के समीप अलीनगर-सकलडीहा रोड के किनारे लगा 100 केवी का ट्रांसफॉर्मर मंगलवार की दोपहर में अचानक धू-धू कर जलने लगा। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने आपूर्ति बंद कराने के बाद ट्रांसफॉर्मर में लगी आग बुझाई। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। क्षेत्र के सरेसर गांव में बिजली आपूर्ति के लिए पेट्रोल पंप के सामने अलीनगर-सकलडीहा मार्ग पर लगा ट्रांसफॉर्मर धू-धू कर जलने लगा। दिन का समय होने के कारण सड़क पर वाहनों का आवागमन थम गया। सूचना पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के लोगों ने आग बुझाई।
इस सम्बंध में चंदौली के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि अचानक गर्मी बढ़ने के कारण ट्रांसफॉर्मरों पर लोड बढ़ा है। लोड बढ़ने व हीटिंग के कारण ट्रांसफॉर्मर जल जा रहे हैं। हालांकि ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाने के साथ ही नए ट्रांसफॉर्मर भी लगाए गए हैं। गड़बड़ी पैदा होने पर विद्युत निगम के कर्मचारियों को भेजकर मरम्मत कराया जा रहा है। कुछ दिन में आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*