जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

आवास मांगने वाले सूरज ने ग्राम प्रधान के ससुर और रिश्तेदार पर कुल्हाड़ी से किया हमला, प्राथमिक उपचार के बाद बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर

ग्राम प्रधान सीमा देवी के पति दिलीप कुमार ने बताया कि कुछ महीने पहले गांव के युवक सूरज राम (पुत्र विश्वनाथ राम) से आवास योजना को लेकर विवाद हुआ था।
 

पुलिस थाने जा रहे थे प्रधान ससुर और रिश्तेदार

कुल्हाड़ी से किया गया ताबड़तोड़ हमला

बलराम यादव के सिर में धंसी कुल्हाड़ी, हालत गंभीर

चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के फूलपुर गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्राम प्रधान के ससुर और रिश्तेदार पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में प्रधान पति के पिता बलराम यादव (60 वर्ष) और रिश्तेदार रामकिशुन राम (45 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। बलराम यादव के सिर में कुल्हाड़ी का फाल धंस गया। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आपको बता दें कि ग्राम प्रधान सीमा देवी के पति दिलीप कुमार ने बताया कि कुछ महीने पहले गांव के युवक सूरज राम (पुत्र विश्वनाथ राम) से आवास योजना को लेकर विवाद हुआ था। सूरज को योजना का लाभ नहीं मिला, जिससे वह प्रधान परिवार से नाराज चल रहा था। दो-तीन दिन पहले ही वह बाहर से गांव लौटा था।

नशे में गाली-गलौज कर दे चुका था धमकी

सोमवार की रात सूरज राम नशे में धुत होकर प्रधान के घर पहुंचा और महिलाओं से गाली-गलौज करने के साथ ही प्रधान पति को जान से मारने की धमकी दी। इस घटना की सूचना डायल 112 और बलुआ थाने को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने पीड़ितों को मंगलवार सुबह थाने बुलाया था।

थाने जाते समय रास्ते में हुआ हमला

थाने जाते समय बलराम यादव और रामकिशुन राम जैसे ही मोपेड से निकले, रास्ते में उन्हें सूरज राम मिल गया। पहले कुछ कहासुनी हुई और फिर अचानक उसने कुल्हाड़ी से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बलराम की आंख के पास कुल्हाड़ी का फाल घुस गया, जबकि रामकिशुन को भी गंभीर चोटें आई हैं। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। घटनास्थल से अहम सुराग मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ग्रामीणों में इस वारदात के बाद भय और गुस्से का माहौल है। लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। पुलिस टीम गांव में लगातार गश्त कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*