जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया के फेज-2 में लगेगा ATM, 'निवेश मित्र पोर्टल' पर लंबित मामलों का तत्काल होगा निस्तारण

रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया के फेज-2 में एटीएम स्थापित करने की मांग पर डीएम ने अग्रणी बैंक प्रबंधक को आवश्यक कार्यवाही तेजी से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
 

उद्योग बंधु की मीटिंग में डीएम ने दिए निर्देश

इंडस्ट्रियल एरिया में कैंप लगाकर सुधारें बिजली बिल

निवेश मित्र के आवेदन न हों पेंडिंग

इसके अलवा अफसरों को सौंपे ये काम

चंदौली जिले के जिलाधिकारी (DM) चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में सोमवार  को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्रों में उद्यमियों को आ रही समस्याओं के त्वरित निस्तारण, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जिले में निवेश एवं निर्यात गतिविधियों को बढ़ाने हेतु महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं पर त्वरित समाधान के निर्देश
जिलाधिकारी ने रामनगर औद्योगिक क्षेत्र के फेज-2 के नजदीक नेशनल हाईवे अंडर पास की समस्या को गंभीरता से लिया। उन्होंने एनएचएआई सासाराम को निर्देश दिया कि वे उद्यमीगणों के साथ तत्काल स्थलीय भ्रमण कर आवश्यकतानुसार समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही साथ सड़कों की खराब स्थिति पर ध्यान देते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को भी निर्देशित किया कि वे औद्योगिक क्षेत्रों का भ्रमण करें और जो सड़कें दुरुस्त करने योग्य हों, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द कार्य पूरा किया जाए।

बिजली बिलों में सुधार के लिए लगेगा कैंप
उद्यमियों को औद्योगिक फीडर से मिल रही विद्युत आपूर्ति के बिलों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए डीएम ने एक विशेष पहल करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सप्ताह में कैंप लगाकर विद्युत बिल जमा करने और उसमें आ रही त्रुटियों को सुधारने का कार्य सुनिश्चित किया जाए। यह निर्देश उद्यमियों को बिल संबंधी समस्याओं के कारण होने वाली असुविधा से राहत दिलाएगा।

निवेश और स्वरोजगार पर फोकस
बैठक में जिलाधिकारी ने 'निवेश मित्र पोर्टल' पर लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि औद्योगिक इकाइयों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएं और निवेश व निर्यात गतिविधियों को बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।

इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि इन योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त होने वाले आवेदनों को किसी भी दशा में पेंडिंग न रखा जाए। आवेदनों को नियमानुसार स्वीकृत कर समय से लाभार्थियों को ऋण वितरित किया जाए ताकि युवा उद्यमी अपनी इकाइयाँ जल्द शुरू कर सकें।

रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया के फेज-2 में एटीएम स्थापित करने की मांग पर डीएम ने अग्रणी बैंक प्रबंधक को आवश्यक कार्यवाही तेजी से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

बैठक में उपायुक्त उद्योग सिद्धार्थ यादव, अधिशासी अभियंता विद्युत, रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया के उद्यमीगण सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं उद्यमी गण उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे उद्यमियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं और औद्योगिक विकास में आ रही हर बाधा को दूर करने के लिए प्रतिबद्ध रहें।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*