जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

ITI Admission 2026: 5वें चरण का एडमिशन शुरू, 11 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन का मौका

उत्तर प्रदेश के राजकीय और निजी आईटीआई में सत्र 2026-27 के तहत रिक्त सीटों पर पंचम चरण (5th Phase) के प्रवेश शुरू हो गए हैं। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 11 अक्टूबर तक परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन या नया विकल्प चुन सकते हैं।
 

आईटीआई पंचम चरण प्रवेश प्रक्रिया शुरू

11 अक्टूबर तक आवेदन का मौका

बची हुई सीटों पर होगा दाखिला

नए अभ्यर्थी भी कर सकते हैं अप्लाई

आधिकारिक वेबसाइट पर लिंक सक्रिय

उत्तर प्रदेश के राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-27 के लिए दाखिले की प्रक्रिया एक बार फिर शुरू हो गई है। राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (SCVTUP) के निर्देश पर चौथे चरण के बाद खाली रह गई सीटों को भरने के लिए पंचम चरण (5th Phase) का शेड्यूल जारी कर दिया गया है।

इन अभ्यर्थियों को मिलेगा दाखिले का अवसर
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) रेवसा, चंदौली के प्रधानाचार्य अजय कुमार ने बताया कि इस चरण में कई श्रेणियों के अभ्यर्थियों को मौका दिया जा रहा है। इसमें वे अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं जिन्होंने पहले रजिस्ट्रेशन कराया था लेकिन उनका चयन नहीं हुआ, या फिर ऐसे नए अभ्यर्थी जो पहली बार आवेदन करना चाहते हैं। इसके अलावा, किसी कारणवश नाम कटवा चुके पुराने अभ्यर्थी भी इस प्रक्रिया में हिस्सा ले सकते हैं।

11 अक्टूबर तक आधिकारिक वेबसाइट पर करें आवेदन
दाखिले के इच्छुक अभ्यर्थी राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.scvtup.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर नए अभ्यर्थियों के लिए फॉर्म भरने, पुराने पंजीकृत अभ्यर्थियों द्वारा नए विकल्प चुनने और संस्थानों में बची सीटों का ब्योरा देखने के लिए अलग-अलग लिंक उपलब्ध करा दिए गए हैं।

समय रहते पूरी करें प्रक्रिया
प्रशासन की ओर से अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना 11 अक्टूबर तक अपनी आवेदन प्रक्रिया और कॉलेज/ट्रेड के विकल्पों को ध्यानपूर्वक पूरा कर लें। सीट आवंटन से जुड़ी आगे की जानकारियां भी आधिकारिक पोर्टल पर जारी की जाएंगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*