चंदौली में निकलेगी 'पौधों की बारात', 1 जुलाई से शुरू होगा वन महोत्सव का महाअभियान
चंदौली में 1 से 7 जुलाई तक वन महोत्सव सप्ताह धूमधाम से मनाया जाएगा। डीएफओ बी. शिवशंकर ने इसका पूरा रोडमैप जारी कर दिया है, जिसमें नौगढ़ की 'पौध बारात' और 'पौध भंडारा' मुख्य आकर्षण होंगे।
चंदौली में 1 से 7 जुलाई तक चलेगा वन महोत्सव का महाअभियान
4 जुलाई को नौगढ़ में निकाली जाएगी अनोखी 'पौध बारात'
हर रेंज अधिकारी को फोटो-वीडियो रिपोर्ट देने के सख्त निर्देश
स्कूलों में वाद-विवाद प्रतियोगिता से जगेगी पर्यावरण की अलख
सिर्फ पौधे लगाना नहीं, उन्हें जिंदा रखना भी बड़ी जिम्मेदारी
चंदौली जिले में अब सिर्फ रस्म अदायगी के लिए पौधे नहीं लगाए जाएंगे, बल्कि हर गाँव और स्कूल में पर्यावरण बचाने का एक बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। काशी वन्य जीव प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) बी. शिवशंकर ने आगामी 1 से 7 जुलाई तक चलने वाले वन महोत्सव सप्ताह का पूरा खाका तैयार कर लिया है। जिले की सभी 9 वन रेंजों में इस बार पौधारोपण के साथ-साथ जागरूकता रैली, पौधों की बारात और पौध भंडारे जैसे अनोखे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

डीएफओ का संदेश- आने वाली पीढ़ी के लिए जरूरी हैं पौधे
डीएफओ बी. शिवशंकर ने सभी रेंज अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिए हैं कि इस अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्कूलों, समाजसेवियों और आम जनता को बढ़-चढ़कर शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक छोटा सा पौधा आने वाले समय में हमारी भावी पीढ़ी के लिए शुद्ध हवा और पानी का सबसे बड़ा बैंक बनेगा। डीएफओ ने यह भी साफ कर दिया है कि सिर्फ पौधे लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा और देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी है।
1 से 3 जुलाई तक ऐसे चलेगा महाअभियान
हरियाली के इस महाअभियान की शुरुआत 1 जुलाई को राजदरी रेंज के ग्राम गौड़ीहार पंचायत भवन से होगी, जहाँ गाँव के लोग और बच्चे मिलकर पौधे रोपेंगे। इसके बाद 2 जुलाई को चकिया रेंज की रसिया प्रथम रोपणी में विधायक कैलाश आचार्य की मौजूदगी में बड़ा कार्यक्रम होगा। वहीं 3 जुलाई को चंदौली रेंज के उच्च आदर्श बालिका इंटर कॉलेज में लड़कियों के बीच पर्यावरण को लेकर वाद-विवाद प्रतियोगिता होगी और चंद्रप्रभा रेंज के मुड़हुआ दक्षिणी स्कूल में भी जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पौधे लगाए जाएंगे।
4 जुलाई को नौगढ़ में सजेगी 'पौधों की बारात'
इस पूरे वन महोत्सव का सबसे अनोखा और दिलचस्प नजारा 4 जुलाई को नौगढ़ रेंज में देखने को मिलेगा। यहाँ के प्राथमिक विद्यालय में बच्चों और ग्रामीणों के सहयोग से 'पौध बारात' निकाली जाएगी और 'पौध भंडारा' आयोजित किया जाएगा, ताकि लोग पौधों को अपने परिवार का हिस्सा समझें। इसी दिन जयमोहनी रेंज की झुमरिया रोपावनी में भी बड़ा पौधारोपण कार्यक्रम तय किया गया है।
मजगाईं से लेकर मुगलसराय तक हरियाली की गूंज
अभियान के आखिरी दिनों में यानी 5 जुलाई को मझगाई रेंज के पथरहवा, 6 जुलाई को चहनियां रेंज के खण्डवारी इंटर कॉलेज और समापन के दिन यानी 7 जुलाई को मुगलसराय रेंज के सरेसर तालाब पर भारी संख्या में लोग जुटेंगे और पौधे लगाएंगे। डीएफओ ने सभी रेंज अफसरों को आदेश दिया है कि हर एक कार्यक्रम की अच्छी तस्वीरें और वीडियो सीधे मुख्यालय भेजे जाएं, ताकि कागजी दावों की जगह जमीन पर काम दिखे। वन विभाग का लक्ष्य इस बार "एक पौधा, एक परिवार और एक जिम्मेदारी" के संदेश को हर घर तक पहुँचाना है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








