जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

सेना के जवान विजेंद्र कुमार का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम विदाई

पिता लल्लन यादव, माता निर्मला देवी, पत्नी प्रज्ञा और दोनों भाई, जवान की अंतिम यात्रा के दौरान गहरे शोक में डूबे रहे।
 

सेना के जवान विजेंद्र कुमार का अकस्मात निधन

मध्य प्रदेश के सागर जिले में ड्यूटी के दौरान मौत

पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटा पैतृक गांव पहुंचा

परिवार में कोहराम, आस-पास के गांवों की भीड़ जुटी

उप जिलाधिकारी

क्षेत्राधिकारी और विधायक ने दी श्रद्धांजलि

चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के सराय रसूलपुर गांव के सेवई पूरा मोके निवासी लल्लन यादव के छोटे पुत्र, आर्मी जवान विजेंद्र कुमार यादव का निधन मध्य प्रदेश के सागर जिले में ड्यूटी के दौरान आकस्मिक रूप से हुआ। बुधवार को कर्नल द्वारा परिजनों को मृत्यु की सूचना मिलने के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया।

आपको बता दें कि गुरुवार को सायंकाल, दिवंगत सैनिक का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटा हुआ पैतृक गांव सेवई के पूरा पहुंचा। इस दौरान परिजनों की आँखें नम हो गईं और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। आसपास के कई गांवों के लोग भी हाथों में तिरंगा लेकर आए और देशभक्ति के नारों के साथ अपने वीर जवान का स्वागत किया।

इस अवसर पर सकलडीहा के उप जिलाधिकारी कुंदन राज कपूर, क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी, क्षेत्रीय विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। लोगों ने अपने हाथों में तिरंगा लेकर वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े होकर उनके साहस और देशभक्ति को सलाम किया।

बताते चलें कि पिता लल्लन यादव, माता निर्मला देवी, पत्नी प्रज्ञा और दोनों भाई, जवान की अंतिम यात्रा के दौरान गहरे शोक में डूबे रहे। परिवार ने अपने बेटे के अकस्मात निधन से गहरा दुःख व्यक्त किया और कहा कि देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले बेटे का बलिदान हमेशा याद रहेगा।

सेना के जवान विजेंद्र कुमार यादव को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ सम्मानित किया गया। अंतिम संस्कार और अंत्येष्टि का कार्यक्रम समीप के गंगा घाट पर संपन्न हुआ। सैनिकों और स्थानीय लोगों ने अंतिम विदाई में तिरंगे और फूलों की वर्षा की।

इस मौके पर क्षेत्रीय जनता ने कहा कि विजेंद्र कुमार यादव का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत है। लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और यह सुनिश्चित करने का संकल्प लिया कि उनके वीर बेटे का साहस और देशभक्ति हमेशा याद रहे।

बलुआ थाना क्षेत्र में यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। लोग जवान की शहादत को नमन कर रहे हैं और सेना के प्रति सम्मान प्रकट कर रहे हैं।

चंदौली प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि इस कठिन समय में परिवार के साथ हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी और उनके वीर बेटे की याद को सदा सम्मानित किया जाएगा।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*