बिहार में दूसरे फेज का मतदान जारी, UP-बिहार बॉर्डर पर बढ़ गयी चौकसी
यूपी बिहार बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था तगड़ी
सुरक्षा एजेंसियों के साथ-साथ लगाए गए हैं पुलिस के जवान
यूपी पुलिस व बिहार पुलिस के जवान मुस्तैदी से तैनात
चंदौली जिले में बिहार विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए यूपी–बिहार बॉर्डर पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। चंदौली जिले की सरहद पर पुलिस-प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात है। दिल्ली में हाल ही में हुए बम ब्लास्ट की घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता और बढ़ा दी है। ऐसे में सीमा क्षेत्र में हर आने-जाने वाले वाहन और व्यक्ति की गहन चेकिंग की जा रही है।
पूर्वांचल के महत्वपूर्ण जिले चंदौली से सटे बिहार की सीमाओं को पूरी तरह सील कर दिया गया है। चुनाव आयोग और गृह विभाग के निर्देश पर दोनों राज्यों की पुलिस ने संयुक्त रूप से चेक पोस्ट स्थापित किए हैं। हाईवे के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों से होकर जाने वाले वैकल्पिक मार्गों, पगडंडियों, पुलिया और छोटे रास्तों पर भी विशेष चौकसी बरती जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की असामाजिक, संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि को रोका जा सके।

अराजक तत्वों, शराब, असलहे और अवैध धन के परिवहन पर निगरानी रखने के लिए बॉर्डर पर लगे सभी चेक पोस्ट पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सीमावर्ती इलाके में सीसीटीवी कैमरा निगरानी, डॉग स्क्वॉड, फ्लाइंग स्क्वॉड और क्विक रिस्पॉन्स टीम भी सक्रिय कर दी गई है।

चंदौली पुलिस प्रशासन का कहना है कि उद्देश्य यूपी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ बिहार चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराना है। सैयदराजा कोतवाली क्षेत्र सहित बॉर्डर के अन्य पॉइंट्स पर भी यूपी पुलिस, बिहार पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान तैनात हैं।

सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि शाम 5 बजे तक मतदान जारी रहने के दौरान बॉर्डर पर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। पुलिस ने अपील की है कि लोग सहयोग करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना दें।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







