चंदौली के लिए ऐसा मौसम विभाग का अलर्ट, जानिए कब से है कोहरा छाने व ठंड बढ़ने की संभावना
चंदौली के तराई इलाकों में दिख रहा है घना कोहरा
शुक्रवार से रविवार तक कोहरे की मिल रही है चेतावनी
पर्वतीय इलाके में बर्फबारी से ठंड में होगा इजाफा
न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास
15 दिसंबर के बाद ठंड का असर बढ़ने का अलर्ट
चंदौली जिले में ठंड का असर अब लगातार बढ़ रहा है। हालांकि दिन के समय हल्की धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिल रही है, लेकिन शाम ढलते ही और अगली भोर तक ठंड का प्रकोप काफी बढ़ जा रहा है। मौसम विभाग ने जिले के तराई क्षेत्रों के लिए एक विशेष चेतावनी जारी की है। इसके अनुसार, शुक्रवार से रविवार तक इन इलाकों में हल्के से लेकर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे ठंड में उल्लेखनीय इजाफा होगा।
तापमान में गिरावट और कोहरे का असर
बृहस्पतिवार को जिले का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में यह स्पष्ट किया गया है कि आगामी दो से तीन दिनों तक रात में पारे में और गिरावट आएगी। विशेष रूप से तराई इलाकों में सुबह और शाम कोहरे का प्रकोप जारी रहेगा। इस दौरान कोहरे के कारण दृश्यता (Visibility) घटकर 200 मीटर तक रह सकती है, जिससे सुबह के समय यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
राज्य कृषि व मौसम विभाग के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि देश के पर्वतीय स्थलों में हो रही लगातार बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों की ओर ठंडी पछुआ हवाओं का असर बढ़ गया है। इसी कारण अब ठंड में इजाफा होगा। उन्होंने यह भी बताया कि 15 दिसंबर के बाद ठंड और कोहरे का असर और भी अधिक बढ़ सकता है।
स्वास्थ्य और वायु गुणवत्ता पर प्रभाव
जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) स्तर भी बढ़ने लगा है। बृहस्पतिवार को AQI 108 दर्ज किया गया, जिसे वर्तमान स्थिति में संतोषजनक कहा जा सकता है, लेकिन यह स्तर सावधानी बरतने का संकेत देता है। आर्द्रता (Humidity) घटकर 29 प्रतिशत पर पहुंच गई है। दिन और रात के तापमान में लगभग 13 डिग्री सेल्सियस का बड़ा अंतर लोगों की सेहत पर सीधा असर डाल रहा है। मौसम में इस तरह के परिवर्तन के चलते लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचने के लिए सतर्क रहने की आवश्यकता है। विभाग ने आगामी तीन दिनों तक बारिश की किसी भी संभावना से इन्कार किया है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








